April 12, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

बाढ़ से पीड़ित लोगों के लिए बड़ी राहत का स्रोत बनी जिला रेड क्रॉस सोसायटी-कोमल मित्तल

Share news

जालंधर ब्रीज: जिला रेड क्रॉस सोसाइटी बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए बड़ी राहत का स्रोत बनी हुई है और इस कठिन समय में अग्रणी बनकर बाढ़ पीड़ितों की मदद कर रही है। इसी के तहत डिप्टी कमिश्नर -सह-अध्यक्ष जिला रेड क्रॉस सोसाइटी कोमल मित्तल ने आज रेड क्रॉस कार्यालय से जिले के बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए राहत सामग्री के तीसरे वाहन को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। इस मौके पर मीडिया से बात करते हुए उपायुक्त ने कहा कि इसके बाद राहत सामग्री की दो और गाड़ियां भेजी जाएंगी। उन्होंने कहा कि रेड क्रॉस सदस्यों एवं अन्य दानदाताओं एवं संस्थाओं के सहयोग से संचालित जिला रेडक्रॉस सोसायटी प्राकृतिक आपदाओं एवं आपातकालीन स्थितियों से निपटने में बड़ा योगदान दे रही है।

उन्होंने बताया कि बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए इस राहत सामग्री में फलों के पैकेट, ब्रेड, बिस्कुट, पानी की बोतलें, कंघी, तेल, टूथ पेस्ट, टूथब्रश, साबुन, ओडोमॉस, शेविंग किट, सेनेटरी पैड, मच्छरदानी और गद्दे आदि भेजे गए हैं। उन्होंने कहा कि रेड क्रॉस सोसाइटी दान में मिलने वाली मदद से ही चलती है और आपदा की इस घड़ी में जिले के दानदाता और संस्थाएं बाढ़ पीड़ितों की बढ़-चढ़कर मदद कर रहे हैं।डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि चल रहे माता चिंतपूर्णी मेले के दौरान जिला रेड क्रॉस सोसायटी भी अपनी सेवाएं प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि सोसायटी ने चौहाल में रिलायंस इंडस्ट्रीज के बाहर एक शिविर लगाया है, जहां मेले में पहुंचे लोगों को पानी की बोतलें, सैनिटरी पैड और चिकित्सा सहायता प्रदान की जा रही है।   

उन्होंने कहा कि बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए कोई भी व्यक्ति रेड क्रॉस सोसायटी के माध्यम से आर्थिक या किसी भी तरह से सहयोग कर सकता है। उन्होंने कहा कि मानवता के कल्याण के इस कार्य के लिए व्यक्तिगत रूप से रेड क्रॉस सोसाइटी के कार्यालय, जोधा मल्ल रोड, नजदीक सिविल लाइन्स, होशियारपुर में सोमवार से शुक्रवार तक सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक या फोन नंबर 95153-76340 और 88727-33930 पर संपर्क किया  जा सकता है। इस अवसर पर जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव मंगेश सूद, जिला रोजगार कार्यालय से कैरियर काउंसलर आदित्य राणा, सोसायटी के कर्मचारी व अन्य हस्तियां मौजूद रहीं।


Share news

You may have missed