जालंधर ब्रीज: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने श्री अकाल तख़्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह से अपील की है कि वह सिखों को लायसैंसी आधुनिक हथियार रखने के लिए कहने की बजाय समाज में शांति, सद्भावना और भाईचारे का संदेश फैलाएं।
आज यहाँ जारी एक बयान में मुख्यमंत्री ने श्री अकाल तख़्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह के उस बयान का सख़्त नोटिस लिया है कि हर सिख के पास आधुनिक हथियार होना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम एक सभ्यक समाज में रह रहे हैं जहाँ देश का शासन कानून के राज से चलता है। भगवंत मान ने कहा कि सहृदय और सदभावना वाले समाज में हथियारों की कोई जगह नहीं होती।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि श्री अकाल तख़्त साहिब के जत्थेदार को गुरबानी के संदेश को फैलाने की तरफ ध्यान देना चाहिए जिसमें ‘सरबत का भला’ की कल्पना की गई है। उन्होंने कहा कि जत्थेदार साहिब को चाहिए कि वह सरबत के भले के इस ईश्वरीय संदेश को घर-घर पहुँचाने की तरफ ध्यान दें। भगवंत मान ने श्री अकाल तख़्त साहिब के जत्थेदार से अपील की कि वह सिखों को लायसैंसी आधुनिक हथियार लेने के लिए कहने की बजाय इस नेक कार्य की तरफ ध्यान दें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की अमन-शांति को हर कीमत पर बरकरार रखना समय की ज़रूरत है। उन्होंने कहा कि राज्य की शांति और सदभावना की विरोधी ताकतें पहले ही राज्य की शांति को भंग करने की कोशिश कर रही हैं और हर घर में हथियार हो जाने से राज्य के शांतमयी माहौल को गंभीर चुनौती पैदा हो सकती है। राज्य भर में आपसी सदभावना और सदभाव को यकीनी बनाने के लिए अपनी सरकार की दृढ़ वचनबद्धता को दोहराते हुए भगवंत मान ने कहा कि राज्य सरकार हर कीमत पर अमन -कानून को कायम रखने के लिए वचनबद्ध है।

More Stories
पंजाब में चालू खरीफ सीजन के लिए यूरिया की कोई किल्लत नहीं; मांग के मुकाबले 10.71 लाख मीट्रिक टन की रिकॉर्ड उपलब्धता सुनिश्चित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबसे लंबे निरंतर प्रधानमंत्री कार्यकाल पर गुरुद्वारा साहिब लुधियाना में अरदास
एम्स गुवाहाटी के अध्यक्ष ने त्रिपुरा के राज्यपाल से की भेंट; भविष्य के चिकित्सकों को सड़क सुरक्षा और राष्ट्र निर्माण पर किया संबोधित