March 16, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

देहरादून ऑर्थोपेडिक सोसाइटी द्वारा तीन दिवसीय 22वाँ वार्षिक सम्मेलन का सफल आयोजन

Share news

डॉ. एस. एन. सिंह ने किया उत्तराखण्ड ऑर्थोपेडिक एसोसिएशन के अध्यक्ष का पदभार ग्रहण

जालंधर ब्रीज: उत्तराखण्ड ऑर्थोपेडिक एसोसिएशन का 22वाँ वार्षिक सम्मेलन देहरादून में तीन दिनों तक चले गहन अकादमिक विमर्श, कार्यशालाओं और वैज्ञानिक आदान-प्रदान के बाद सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गया।

यह सम्मेलन देहरादून ऑर्थोपेडिक सोसाइटी द्वारा 13 से 15 मार्च 2026 तक देहरादून में राजपुर रोड स्थित होटल आकेता एवं होटल रेड फॉक्स में आयोजित किया गया।

सम्मेलन का उद्घाटन 13 मार्च 2026 को मुख्य अतिथि डॉ. अजय सिंह, कुलपति, सैफई विश्वविद्यालय, उत्तरप्रदेश, विशिष्ट अतिथि पद्मश्री डॉ. बी. के. एस. संजय, अध्यक्ष एम्स गुवाहाटी, डॉ. एस. एन. सिंह, डॉ. गौरव गुप्ता, डॉ. पुनीत अग्रवाल, डॉ. प्रवीण मित्तल, डॉ. राजीव रमन तथा डॉ. राजेश माहेश्वरी सहित द्वारा किया गया।

सम्मेलन का वैज्ञानिक कार्यक्रम प्रतिष्ठित ओरेशन व्याख्यानों से प्रारम्भ हुआ, जिसके पश्चात प्लेनरी व्याख्यान, पैनल चर्चाएँ, केस-आधारित विचार-विमर्श तथा वैज्ञानिक प्रस्तुतियाँ आयोजित की गईं। इन सत्रों में विशेषज्ञों ने जॉइंट रिप्लेसमेंट सर्जरी, ट्रॉमा प्रबंधन, स्पोर्ट्स इंजरी, आर्थ्रोस्कोपी तथा उभरती सर्जिकल तकनीकों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने अनुभव और शोध साझा किए।

सम्मेलन की प्रमुख विशेषताओं में रोबोटिक एवं एडवांस्ड टेक्नोलॉजी कार्यशाला विशेष रूप से उल्लेखनीय रही, जिसमें रोबोटिक-सहायता प्राप्त सर्जरी और जॉइंट रिप्लेसमेंट में प्रिसिजन तकनीकों की बढ़ती भूमिका पर विस्तृत चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त प्राइमरी नी रिप्लेसमेंट तथा रिवीजन नी सर्जरी पर आधारित कैडावर कार्यशालाएँ हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज,जॉली ग्रांट में इंडियन आर्थ्रोप्लास्टी एसोसिएशन के सहयोग से आयोजित की गईं, जिनमें प्रतिभागी सर्जनों को व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

एक अन्य महत्वपूर्ण अकादमिक सत्र पोंसेटी कार्यशाला रहा, जिसमें जन्मजात क्लबफुट के उपचार हेतु पोंसेटी तकनीक पर व्याख्यान और व्यावहारिक प्रदर्शन किए गए। सम्मेलन में ई-पोस्टर प्रस्तुतियाँ और शोध चर्चाएँ भी आयोजित की गईं, जिससे स्नातकोत्तर विद्यार्थियों और युवा चिकित्सकों को अपने शोध कार्य प्रस्तुत करने का अवसर मिला।

इस सम्मेलन में देशभर से आए 256 प्रतिनिधियों तथा 60 से अधिक प्रतिष्ठित ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञों ने भाग लिया और अपने नैदानिक अनुभव तथा शोध निष्कर्ष साझा किए।

सम्मेलन के दौरान यह भी घोषणा की गई कि कैनाल रोड, देहरादून स्थित ऑल इज़ वेल मल्टीस्पेशलिटी एंड फ्रैक्चर क्लीनिक के निदेशक डॉ. एस. एन. सिंह ने उत्तराखण्ड ऑर्थोपेडिक एसोसिएशन के अध्यक्ष का पदभार ग्रहण कर लिया है।

सम्मेलन का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञ निरंतर अधिगम, आधुनिक सर्जिकल तकनीकों के उपयोग तथा मस्कुलोस्केलेटल रोगों के उपचार में बेहतर रोगी-सेवा के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे।


Share news