April 12, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

‘युद्ध नशों विरुद्ध ‘ का 85वां दिन: 158 नशा तस्कर 10 किलो हेरोइन,1.3 किलो अफीम,19 हजार रुपए की ड्रग समेत गिरफ्तार

Share news

जालंधर ब्रीज: पंजाब में नशों के उन्मूलन के लिए चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान, “युद्ध नशों के विरुद्ध” के 85वें दिन पंजाब पुलिस ने रविवार को 158 ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 10.1 किलोग्राम हेरोइन, 1.3 किलोग्राम अफीम और 19,040 रुपये की ड्रग मनी बरामद की है। इसके साथ ही, इस अभियान के तहत अब तक कुल गिरफ्तार किए गए नशा तस्करों की संख्या 13,449 हो गई है।

पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव के निर्देशों पर यह कार्रवाई राज्य के सभी 28 पुलिस जिलों में एक साथ की गई।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पुलिस आयुक्तों, उपायुक्तों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को पंजाब को नशामुक्त राज्य बनाने का निर्देश दिया है। पंजाब सरकार ने नशों के खिलाफ इस जंग की निगरानी के लिए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा की अध्यक्षता में 5 सदस्यीय कैबिनेट सब-कमेटी का भी गठन किया है।

इस संबंध में अधिक जानकारी साझा करते हुए, विशेष डीजीपी कानून और व्यवस्था, अर्पित शुक्ला ने बताया कि 98 राजपत्रित अधिकारियों की निगरानी में 1700 से अधिक कर्मियों वाली 220 से अधिक पुलिस टीमों ने राज्य भर में 445 स्थानों पर छापेमारी की और 104 एफआईआर दर्ज की गईं। उन्होंने यह भी बताया कि दिन भर चले इस ऑपरेशन के दौरान पुलिस टीमों ने 456 संदिग्ध व्यक्तियों की भी जांच की।

विशेष डीजीपी ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा नशों के पूर्ण उन्मूलन के लिए तीन-सूत्रीय रणनीति – प्रवर्तन (इंफोर्समेंट), नशामुक्ति (डी-एडिक्शन) और रोकथाम (प्रिवेंशन) (ई डी पी) – लागू की गई है। इसी के तहत, पंजाब पुलिस ने ‘नशामुक्ति’ के हिस्से के रूप में आज 109 व्यक्तियों को नशामुक्ति और पुनर्वास उपचार कराने के लिए प्रेरित किया है।


Share news

You may have missed