
जालंधर ब्रीज: आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के विधायक और किसान विंग के प्रदेश अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां ने कांग्रेस सरकार पर किसानों के मुद्दों को हल न करने का आरोप लगाया और कहा कि मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी किसान संगठनों के साथ बैठकें करके सिर्फ समय बर्बाद कर रहे हैं। किसानों के साथ हुई पिछली मीटिंग में सरकार द्वारा लिए गए फैसलों पर अभी तक कोई अमल नहीं हुआ है, जबकि अब कांग्रेस सरकार की गिनती के दिन बाकी रह गए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को किसानों से किए गए वादाखिलाफी का जवाब जनता की अदालत में देना होगा। पंजाब के लोग कांग्रेस पार्टी को झूठे वादे का सबक जरूर सिखाएंगे।
गुरुवार को पार्टी मुख्यालय से जारी बयान में संधवां ने कहा कि 2017 के पंजाब चुनाव के दौरान कांग्रेस पार्टी ने किसानों के सभी कर्ज माफ करने का वादा किया था। सत्ता पाने के लिए कांग्रेस ने न केवल वादा किया था, बल्कि 2017 के अपने चुनावी घोषणा पत्र में इस बात का जिक्र किया और इसके लिए किसानों से कर्ज माफ़ी के फॉर्म भी भरवाए थे। पिछले चुनाव में कांग्रेस ने कर्ज के बोझ के कारण आत्महत्या करने वाले किसानों के परिवारों को वित्तीय सहायता और अन्य सुविधाएं प्रदान करने का भी वादा किया था। लेकिन कांग्रेस सरकार ने पांच साल बाद भी न तो किसानों के कर्ज माफ किये और न ही आत्महत्या करने वाले किसानों के परिवारों को आर्थिक मदद दी। उन्होंने कांग्रेस सरकार पर किसान आंदोलन के दौरान पंजाब पुलिस द्वारा किसानों के खिलाफ दर्ज मामले को भी जानबूझ कर खत्म नहीं का आरोप लगाया।
संधवां ने कहा कि मुख्यमंत्री चन्नी भी पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के नक्शेकदम पर चल रहे हैं और किसानों के मुद्दों पर बैठकें कर समय बर्बाद कर रहे हैं। मुख्यमंत्री चन्नी द्वारा किसानों के साथ अपनी पिछली बैठकों के दौरान लिए गए फैसलों को भी लागू नहीं किया गया। गुलाबी टिड्डी के प्रकोप से बर्बाद हुई कपास की फसल का भी कांग्रेस सरकार ने किसानों को उचित मुआवजा नहीं दिया है, जबकि किसान सरकार से 20 हजार रुपये प्रति एकड़ की मांग कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यह बेहद हास्यास्पद है कि कांग्रेस सरकार आत्महत्या करने वाले किसानों की सूची भी किसानों से ही मांग रही है। पांच साल में कांग्रेस सरकार आत्महत्या करने वाले किसानों की संख्या की जानकारी भी नहीं जुटा पाई है। संधवां ने मांग की कि कांग्रेस सरकार को किसानों का कर्ज पूरी तरह माफ करने पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। कांग्रेस सरकार के पास अब मात्र एक हफ्ते बाकी है। इसलिए मुख्यमंत्री चन्नी झूठी घोषणाएं करने की बजाय ये बताएं कि वे किसानों के सभी कर्ज कब माफ करेंगे।
More Stories
अपराध रोकने संबधी पहलों को और मज़बूत करने और नागरिकों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के लिए कमिश्नरेट पुलिस गंभीर
अंगदान समारोह: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने हवलदार नरेश और उनके परिवार को उनके ब्रेन डेड बेटे के अंगदान के नेक कार्य के लिए सम्मानित किया
पंजाब मे 2027 को भाजपा की सरकार बनती और बढ़ती लोकप्रियता देख आप भगवंत मान सरकार बौखलाई-के.डी भंडारी