जालंधर ब्रीज: पंजाब के बाग़वानी मंत्री स. चेतन सिंह जौड़ामाजरा ने आज किसानों से फलदार पौधे लगाने का आह्वान करते हुए कहा कि बाग़वानी विभाग द्वारा ये पौधे किफ़ायती दरों पर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह पहलकदमी राज्य भर में फ़सल विविधीकरण को बढ़ावा देने संबंधी व्यापक रणनीति का हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि मानसून का मौसम फलदार पौधे लगाने के लिए उपयुक्त और अनुकूल है और सरकार की यह पहल गेहूं-धान के पारंपरिक फ़सल चक्र, जिसने भूजल स्तर को काफ़ी कम कर दिया है, के लिए स्थायी विकल्प प्रदान करेगी।
बाग़वानी मंत्री ने ख़ास तौर पर आम, अमरूद, लीची, चीकू, नींबू प्रजाति के फलों की विभिन्न किस्में, जामुन, बिल और कटहल सहित विभिन्न फलदार पेड़ लगाने की पुरज़ोर अपील की। उन्होंने बताया कि ये पौधे बाग़वानी विभाग के अधीन चल रहीं सरकारी नर्सरियों में उचित मूल्य पर उपलब्ध हैं।
इसी दौरान निदेशक बाग़वानी शैलिंदर कौर, आई.एफ.एस. ने कहा कि नर्सरियों से पौधे प्राप्त करने संबंधी अधिक जानकारी के लिए किसान, बाग़वानी विभाग के नोडल अधिकारी के मोबाइल नंबर 7508018803 पर संपर्क कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि फलदार पौधे लगाने से जहां पर्यावरण एवं जल का संरक्षण होगा, वहीं फ़सल विविधता को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ किसानों की आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
शैलिंदर कौर ने अधिक टिकाऊ और आर्थिक रूप से लाभकारी कृषि तकनीकें अपनाने के लिए पंजाब के किसानों को पूर्ण समर्थन देने संबंधी मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि यह पहल राज्य के कृषि क्षेत्र की आर्थिक क्षमताओं को बढ़ाने के साथ-साथ पर्यावरणीय समस्याओं को हल करने के लिए किए जा रहे व्यापक प्रयासों का हिस्सा है।

More Stories
लेफ्टिनेंट जनरल हरजीत सिंह साही ने पश्चिमी कमान के चीफ ऑफ स्टाफ का पदभार संभाला
आयकर विभाग (इंटेलिजेंस एवं क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन) निदेशालय, चंडीगढ़, द्वारा नए आयकर अधिनियम, 2025 एवं नए आयकर नियम, 2026 पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध करवाना पंजाब सरकार की प्राथमिकता : डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन