June 18, 2025

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

भगवंत मान पंजाब के सरकारी खजाने पर खुद ऐश करने का दोष माननीय राज्यपाल पर मढ़ रहे : जीवन गुप्ता

Share news

जालंधर ब्रीज: भारतीय जनता पार्टी पंजाब के पंजाब महासचिव जीवन गुप्ता ने मुख्यमंत्री भगवंत मान व उनकी सरकार द्वारा पंजाब के माननीय राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित को लेकर उठाए गए विवाद को लेकर पंजाब सरकार पर बरसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान तथा उनकी सरकार जहाँ भरता रत्न बाबा साहिब डॉ. भीम राव अंबेडकर के लिखे भारत के संविधान की सरेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं, वहीं मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा माननीय राज्यपाल के पद की गरिमा को भी जमकर ठेस पहुंचाई जा रही है।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार ने देश के संविधान का मजाक बना दिया है। भगवंत मान द्वारा विधानसभा के पवित्र सदन में लोगों के ज्वलंत मुद्दों पर बात करने के बजाय लोगों को असल मुद्दों से भटकाया जा रहा है। भगवंत मान सरकार ने पवित्र सदन को राजनीति का अखाड़ा बना दिया है। गुप्ता ने कहा कि पंजाब विधानसभा का सदन कोई कॉमेडी सर्कस का मंच नहीं जहाँ भगवंत मान अपने कॉमेडी शो कर रहे हैं।

जीवन गुप्ता ने माननीय राज्यपाल द्वारा हेलिकॉप्टर का इस्तेमाल करने से मना किए जाने पर कहा कि माननीय राज्यपाल पर आरोप लगाने वाले मुख्यमंत्री भगवंत मान खुद अरविन्द केजरीवाल को साथ लेकर हेलिकॉप्टर में अन्य चुनावी राज्यों की सैर कर रहे हैं और उसका दोष माननीय राज्यपाल पर मढ़ रहे हैं। हेलिकॉप्टर पंजाब सरकार का है, ना कि मुख्यमंत्री भगवंत मान का। मुख्यमंत्री भगवंत मान, केजरीवाल व आम सरकार के मंत्रियों का झूठ बोलने के विश्व रिकार्ड से कौन परीचित नहीं है? इन लोगों ने झूठ बोलने में पीएचडी कर रखी है।

भगवंत मान आरोप लगा रहे हैं कि माननीय राज्यपाल ज्यादा खर्च करते हैं, जबकि करोड़ों रुपए का हेलिकॉप्टर का व अन्य राज्यों सहित पंजाब में दिए गए झूठे विज्ञापनों का बोझ भगवंत मान सरकार ने पंजाब के खज़ाने पर डाला है। यह पहली बार नहीं है कि आम आदमी पार्टी के नेता झूठ बोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह सब पंजाब के सरकारी पदों पर केजरीवाल के चहेतों को फिट करने और पंजाबियों को धोखा देने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह सब गैरकानूनी है।

जीवन गुप्ता ने कहा कि पंजाब सरकार ने गुरुद्वारा एक्ट में संशोधन कर बहुत घटिया काम किया है। भारतीय जनता पार्टी की स्पष्ट राय है कि सरकार को धर्म या संप्रदाय के मामले में हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए। इस बात से किसी को कोई आपत्ति नहीं है कि गुरबाणी के प्रसारण का अधिकार सभी को मिले। पूरी दुनिया में गुरबाणी कैसे पहुंचाई जाए, इस पर विचार किया जा सकता है। लेकिन जिस तरह से भगवंत मान सरकार यह सब कर रही है, उससे साफ है कि गुरबाणी का प्रसारण तो बहाना है, असल में सारा नियंत्रण भगवंत मान सरकार और केजरीवाल को अपने हाथ में करना है।

बीजेपी इसकी कड़ी निंदा करती है। उन्होंने कहा कि भगवंत मान सरकार देश की संवैधानिक व्यवस्था को बार-बार चुनौती दे रही है। उन्होंने कहा कि भगवंत मान बताएं कि उन मुद्दों का क्या हुआ जिन पर पहले विशेष सदन की बैठक बुलाई गई थी? विधायकों को किसने खरीदने की कोशिश की? कौन कौन से विधायक थे, जिन्हें खरीदने की कोशिश की गई? इस मसले पर अब तक क्या कार्रवाई हुई है, इसे सार्वजनिक किया जाए! गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान व आम आदमी पार्टी की सरकार को जनता को इसका जवाब देना पड़ेगा।


Share news