April 2, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

भगवंत मान सरकार द्वारा सार्वजनिक सेवाओं में सुधार के लिए लंबित आर.सी. और ड्राइविंग लाइसेंस आवेदनों के समयबद्ध निपटारे के निर्देश: हरपाल सिंह चीमा

Share news

जालंधर ब्रीज: पंजाब के वित्त, परिवहन, आबकारी एवं कर मंत्री एडवोकेट हरपाल सिंह चीमा ने रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (आर.सी.) और ड्राइविंग लाइसेंस (डी.एल.) जारी करने से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए आज यहां परिवहन विभाग की एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में परिवहन सचिव वरुण रूजम, स्टेट ट्रांसपोर्ट कमिश्नर परनीत शेरगिल, सचिव आर.टी.ए., आर.टी.ओ. और विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।

परिवहन मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि सार्वजनिक सेवाओं को सुचारू बनाने के उद्देश्य से परिवहन विभाग की व्यापक समीक्षा की गई, जिसमें मुख्य ध्यान आर.सी. और ड्राइविंग लाइसेंस जारी करने से संबंधित समस्याओं के समाधान पर केंद्रित था।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में सत्यापन और अनुमोदन स्तर पर लंबित सभी आवेदनों का सख्त संज्ञान लिया गया है और अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि इन लंबित आवेदनों का जल्द से जल्द निपटारा किया जाए।

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए उन्होंने कहा कि सरकार समयबद्ध सार्वजनिक सेवाएं प्रदान करने के लिए वचनबद्ध है और निर्धारित समय सीमा से अधिक देरी वाले सभी मामलों की बारीकी से निगरानी की जाएगी।

उन्होंने आगे बताया कि जवाबदेही सुनिश्चित करने और प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए विभाग द्वारा लंबित आवेदनों के साथ-साथ देरी के कारणों का विस्तृत डेटा भी एकत्र किया जा रहा है।

डिजिटल गवर्नेंस पर जोर देते हुए मंत्री ने कहा कि फेसलेस और संपर्क रहित माध्यम से दी जा रही ड्राइविंग लाइसेंस सेवाओं की समीक्षा की गई है और अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि इन श्रेणियों में लंबित आवेदनों का समय पर निपटारा सुनिश्चित किया जाए।

नागरिकों को हो रही परेशानियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्रीकृत प्रिंटिंग शाखा में आर.सी. और ड्राइविंग लाइसेंस की छपाई के बैकलॉग को प्राथमिकता के आधार पर समाप्त किया जाएगा और इसके लिए सख्त निर्देश जारी किए गए हैं।

सड़क सुरक्षा और परिवहन संचालन के संदर्भ में उन्होंने बताया कि पूरे पंजाब में बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हाईवे ट्रैफिक कैमरों की तैनाती और निगरानी पर भी विस्तार से चर्चा की गई है।

उन्होंने आगे कहा कि हमने परिवहन नेटवर्क की कुशलता भरोसेयोगिता और पहुंच को ओर अधिक यक़ीनी बनाने के लिए  समय-सारिणी की समीक्षा कर और शेष रूटों को ध्यान में रखते हुए परिवहन सेवाओं को अधिक कुशल, विश्वसनीय और सुलभ बनाने पर भी काम किया जा रहा है।


Share news