जालंधर ब्रीज: विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने गुरुवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर किसानों के खिलाफ भाजपा नीत हरियाणा सरकार के साथ सांठगांठ करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि पिछले तीन दिनों से हरियाणा सरकार ने क्रूर रुख अपनाया है। हरियाणा पुलिस पंजाब के अधिकार क्षेत्र में डेरा डाले किसानों पर आंसू गैस और रबर की गोलियां दाग रही है। बाजवा ने कहा कि करीब 130 पंजाबी किसान घायल हुए हैं लेकिन पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान हरियाणा पुलिस के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने में बुरी तरह विफल रहे हैं।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बाजवा ने कहा कि आप के किसी भी नेता ने मनोहर लाल खट्टर सरकार द्वारा पंजाबी किसानों पर हमले की निंदा नहीं की है। इससे साबित होता है कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान हरियाणा के मुख्यमंत्री के साथ मिलकर काम कर रहे थे, जो पूरे कृषक समुदाय की पीठ में छुरा घोंपने जैसा है।
उन्होंने कहा कि पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने मोहाली के डॉ. बी. आर. अंबेडकर स्टेट इंस्टीट्यूट फॉर मेडिकल साइंसेज (एम्स), सीएचसी बानूर, सिविल अस्पताल राजपुरा और राजिंदरा अस्पताल पटियाला में घायलों से मुलाकात की, लेकिन वह यह सुनिश्चित करने में विफल रहे कि घायलों की मेडिको-लीगल रिपोर्ट (एमएलआर) तैयार की जाए। बाजवा ने कहा कि वह घायलों के पास केवल अपनी उपस्थिति महसूस कराने और इसका फायदा उठाने गए थे।
विपक्ष के नेता ने कहा कि भाजपा की नजरों में अच्छा बने रहने के लिए, पंजाब के मुख्यमंत्री ने खुद को और देश के कृषक समुदाय के लोकतांत्रिक अधिकारों को आत्मसमर्पण कर दिया है। इससे पहले उन्होंने किसान यूनियनों और भाजपा सरकार के बीच मध्यस्थता करने की कोशिश की थी। अब उन्होंने हरियाणा सरकार को पंजाबी किसानों पर अत्याचार करने की अनुमति दी है।

More Stories
नगर निगम जालंधर की बड़ी कार्रवाई: जोन नंबर 7 में बकाया वसूली और अवैध कनेक्शन काटे
जालंधर में सीएनजी को बढ़ावा देने की मुहिम तेज, ट्रांसपोर्टर्स से बदलाव की अपील
पंजाब सरकार ने वाछिंत अपराधियों और गैंगस्टरों पर शिकंजा कसने के लिए नई इनाम नीति को किया नोटीफाई ,एसएसपी, सीपी/ आईजीपी/ डीआईजी रेंजों और विंग प्रमुखों को 1 लाख से 2 लाख रुपए तक के इनामों के लिए मंज़ूरी के लिए अधिकारित किया गया