जालंधर ब्रीज: आम आदमी पार्टी (आप) को पंजाब में बहुत बड़ी मजबूती मिली है। बंगा विधानसभा क्षेत्र से मौजूदा विधायक डॉ सुखविंदर सिंह सुक्खी बुधवार को शिरोमणि अकाली दल छोड़कर ‘आप’ में शामिल हो गए।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महासचिव संदीप पाठक और अन्य आप नेताओं की मौजूदगी में डॉ सुखविंदर सुक्खी को ‘आप’ में शामिल कराया। डॉ सुखविंदर सुक्खी के साथ उनके सैकड़ों समर्थक भी आम आदमी पार्टी में शामिल हुए।
डॉ सुखविंदर सुक्खी को पार्टी में शामिल कराने के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ट्वीट कर कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी के परिवार में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। बंगा से मौजूदा विधायक डॉ. सुखविंदर सिंह सुक्खी का मैं तहे दिल से स्वागत करता हूं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉक्टर कम्यूनिटी के साथ आम आदमी पार्टी का बहुत गहरा रिश्ता है। हमारे कई मंत्री और विधायक भी डॉक्टर हैं। उन्होंने कहा कि डॉ सुखविंदर सुक्खी ने विधानसभा में हमेशा मुद्दे की बात की। इन्होंने कभी भी कोई विवादित भाषण नहीं दिया, हमेशा अपने क्षेत्र के लोगों की बात की। इनका आम आदमी पार्टी में शामिल होना हमारे बहुत फायदेमंद साबित होगा।
डॉ सुखविंदर सुक्खी बंगा विधानसभा क्षेत्र से 2017 और 2022 में लगातार दूसरी बार विधायक हैं। वह पेशे से डॉक्टर हैं और वर्षों से समाजसेवा के कार्य में भी सक्रिय रहे हैं। आम आदमी पार्टी में शामिल होने के बाद डॉ सुक्खी ने मुख्यमंत्री भगवंत मान और पार्टी नेतृत्व का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि मैं शुरू से ही मुख्यमंत्री भगवंत मान से प्रभावित रहा हूं। मुख्यमंत्री के खटकर कलां शपथ ग्रहण समारोह में भी मैं शामिल हुआ था।
उन्होंने कहा कि भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों पर मुख्यमंत्री भगवंत मान के कार्रवाई का तरीका मुझे सबसे ज्यादा आकर्षित किया। एक बार मैंने उनसे विधानसभा में मिलकर अपने क्षेत्र के एक नायब तहसीलदार की शिकायत की, मेरी शिकायत के तुरंत बाद उन्होंने उसे सस्पेंड करने का आदेश जारी कर दिया। वहीं मुख्यमंत्री ने मुझे मेरे विधानसभा क्षेत्र बंगा में एक मेडिकल कॉलेज बनाने का भी भरोसा दिया है।

More Stories
लेफ्टिनेंट जनरल हरजीत सिंह साही ने पश्चिमी कमान के चीफ ऑफ स्टाफ का पदभार संभाला
आयकर विभाग (इंटेलिजेंस एवं क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन) निदेशालय, चंडीगढ़, द्वारा नए आयकर अधिनियम, 2025 एवं नए आयकर नियम, 2026 पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध करवाना पंजाब सरकार की प्राथमिकता : डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन