June 21, 2025

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

अकाली दल व आप को झटका, अश्वनी शर्मा के नेतृत्व में कई दिग्गज नेताओं ने थामा भाजपा का दामन

Share news

जालंधर ब्रीज: भारतीय जनता पार्टी की जनता में बढ़ती लोकप्रियता तथा केंद्र की मोदी सरकार की किसान हितैषी तथा जन-हितैषी नीतियों के चलते भाजपा परिवार में लगातार बढ़ौतरी हो रही है। इसी कड़ी में भाजपा मुख्यालय चंडीगढ़ में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अश्वनी शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम के दौरान शिरोमणि अकाली दल, आम आदमी पार्टी तथा अन्य अन्य संगठनों के नेताओं ने अपनी-अपनी पार्टियों को अलविदा कह कर भाजपा का दामन थाम लिया।

अश्वनी शर्मा ने इन सभी नेताओं को भाजपा परिवार की सदस्यता दिलवाई तथा सिरोपा देकर सम्मानित किया व उनका परिवार में शामिल होने पर स्वागत किया। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा महासचिव जीवन गुप्ता, राजेश बागा, दयाल सिंह सोढ़ी, बिक्रमजीत सिंह चीमा, हरजीत सिंह गरेवाल, गुरप्रीत सिंह शाहपुर, संतोख सिंह गुमटाला आदि उपस्थित थे।

अश्वनी शर्मा ने इस अवसर पर मीडिया से बात करते हुए कहाकि आज कांग्रेस पंजाब में अपने आखिरी सांस गिन रही है और नवजोत सिंह सिद्धू ने पंजाब में कांग्रेस के पतन में आखिरी कील ठोक दी है। नवजोत सिंह सिद्धू सिर्फ मुख्यमंत्री की कुर्सी के भूखे हैं। कांग्रेस हाईकमान सिद्धू को मुख्यमंत्री बना देती तो शायद पंजाब में इतना बड़ा राजनीतिक भूचाल नहीं आता! शर्मा ने कहा कि पंजाब की कांग्रेस सरकार की साढ़े चार वर्ष की विफलताओं से लोगों का ध्यान भटका कर कांग्रेस हाई-कमान ने पंजाब में पार्टी के डूबते जहाज को बचाने के लिए एक ड्रामे की पटकथा लिखी और उसे पंजाब में सिद्धू के रूप में प्रदर्शित किया गया। लेकिन कांग्रेस हाई-कमान को शायद यह नहीं पता था कि सिद्धू एक अनियंत्रित घोड़ा है जिस पर लगाम लगाना उनके बस की बात नहीं और ऐसा ही हुआ।

सिद्धू मुख्यमंत्री को अपने हिसाब से चलाना चाहते हैं जो कि उनका अधिकार क्षेत्र नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की इस लड़ाई का खमियाज़ा प्रदेश की जनता को भुगतना पड़ा रहा है। कांग्रेस में उपर से लेकर नीचे तक भ्रष्टाचार फैला हुआ है, खुद मुख्यमंत्री चन्नी ने अपने भ्रष्ट मंत्रियों को क्लीनचिट देकर जनता में अविश्वास की भावना जगा दी है। शर्मा ने कहाकि पंजाब में भाजपा सरकार बनने पर प्रदेश की जनता को सस्ती व 24 घंटे बिजली, बेरोज़गारी खत्म करने के लिए बड़े उद्योगिक घरानों को पंजाब में लाकर नए उद्योग लगवाना, किसानों की आय दोगुनी करने तथा उन्हें आज के युग के साथ चलने के लिए प्रेरित करना आदि प्राथमिकता के आधार पर किए जाएंगें।

जीवन गुप्ता ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि भाजपा में शामिल होने वालों में आल इंडिया यूथ अकाली दल के उपाध्यक्ष व अध्यक्ष किसान विंग जालंधर शहरी व महामंत्री अकाली जत्था साहिब सिंह ढिल्लों (कपूरथला), रिटायर्ड कर्नल विवेक कुमार शर्मा (फरीदकोट), शिरोमणी अकाली दल से पंचायत युनियन अध्यक्ष ब्लाक जगराओं व पंचायत युनियन उपाध्यक्ष लुधियाना व लुधियाना देहाती से शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष व चैयरमैन भाई जैता जी (बाबा जीवन सिंह) व यूथ फाउंडेशन (रजि.) के कैप्टन बलौरा सिंह (जगराओं), पंजाब कराटे एसोसिएशन के महासचिव प्रकाश साहू (जगराओं), पंजाब कराटे एसोसिएशन के डाईरेक्टर दीपक कुमार (जगराओं), चंडीगढ़ कराटे एसोसिएशन के कोच व जॉइंट सचिव हरबिंदर सिंह (मोहाली), आम आदमी पार्टी के सीनियर नेता तथा ऑटो यूनियन के अध्यक्ष कुलजिंदर सिंह (पटियाला), मंजीत सिंह (पटियाला), प्रवीन कुमार (पटियाला), रोहित कुमार (पटियाला), हैप्पी वर्मा (पटियाला), बलजिंदर सिंह (पटियाला), बलकार सिंह (पटियाला) तथा ऍफ़.सी.आई. जनरल स्टाफ युनियन के आल इंडिया महामंत्री मोहिंदर सिंह अपने साथियों सहित भाजपा परिवार में शामिल हुए हैं।

अश्वनी शर्मा तथा जीवन गुप्ता ने कहा कि इन्हें पार्टी में बनता पूरा मान-सम्मान दिया जायेगा। यह सभी केंद्र सरकार की नीतियों तथा पार्टी की विचारधारा से अपने-अपने इलाके के लोगों को जागरूक कर संगठन को और मजबूती प्रदान करेंगें। उधर नए शामिल हुए सभी सदस्यों ने पार्टी लीडरशिप का धन्यवाद करते हुए संगठन द्वारा उन पर जताए भरोसे पर शत-प्रतिशत खरा उतरने का भरोसा दिया तथा केंद्र सरकार की नीतियों तथा पार्टी विचारधारा को जन-जन तक पहुँचा कर संगठन को और मजबूत करने का भी भरोसा दिलाया।


Share news