February 9, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

धुंध में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क: आशिका जैन

Share news

जालंधर ब्रीज: जिले में धुंध के चलते सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ने को देखते हुए जिला प्रशासन पूर्ण रूप से सक्रिय हो गया है। बुधवार को डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने जिला प्रशासकीय परिसर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक करके पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के आदेशों के अनुपालन की समीक्षा की। बैठक में डायरेक्टर जनरल, लीड एजेंसी रोड सेफ्टी द्वारा भेजे गए निर्देशों के आधार पर सड़क सुरक्षा से जुड़े बिंदुओं पर व्यापक चर्चा की गई।

डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि धुंध भरे मौसम में दृश्यता कम होने के कारण सड़क दुर्घटनाओं की संभावना कई गुना बढ़ जाती है। ऐसे में संबंधित विभागों को अधिक सतर्कता और समन्वय के साथ कार्य करने आवश्यक है। उन्होंने सड़क किनारों पर उगी अवांछित वनस्पति की सफाई, सड़क के किनारे मौजूद खतरनाक अवरोधक, बंद पड़ी ट्रैफिक लाइटें, स्कूल बसों की सुरक्षा, रेलवे क्रॉसिंग, निर्माणाधीन मार्गों की सुरक्षा, आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता और बैरिकेड्स की दृश्यता जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विभागवार दिशानिर्देश जारी किए।

उन्होंने निर्देश दिया कि मनरेगा वर्कफ़ोर्स की सहायता से सड़क किनारों की सफाई, सड़क ढलानों का रखरखाव आदि शीघ्र पूरा किया जाए। सभी निष्क्रिय ट्रैफिक लाइटों को तुरंत चालू किया जाए, जबकि खतरनाक क्षेत्रों में रेट्रो-रिफ्लेक्टिव टेप, चेतावनी संकेतक और सुरक्षा चिन्ह लगाए जाएं। निर्माणाधीन सड़कों पर आई.आर.सी मानकों के अनुसार चेतावनी संकेत और डायवर्जन बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाए जाएं।

डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने स्कूल बसों की सुरक्षा को लेकर शिक्षा विभाग, परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस को संयुक्त निरीक्षण करने और “सेफ स्कूल वाहन पॉलिसी” का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। हाईवे पर ट्रकों की अनधिकृत पार्किंग रोकने, आवारा पशुओं को नियंत्रित करने, फसल अवशेष जलाने पर निगरानी बढ़ाने और एक्सीडेंटल ब्लैक स्पॉट्स पर पुलिस तैनाती करने के लिए भी स्पष्ट निर्देश जारी किए गए। उन्होंने कहा कि धुंध के दिनों में बड़े धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों की अनुमति देने से पहले मौसम की स्थिति का विशेष ध्यान रखा जाए।

डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को हाई कोर्ट के निर्देशों का सख्ती से पालन करने और धुंध के मौसम में नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए। इस दौरान अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (सामान्य) अमरबीर कौर, एसपी मनप्रीत शिंहमार, आरटीओ अमनदीप कौर, डीडीपीओ संदीप सिंह, एक्सीयन लोक निर्माण विभाग गुरमीत सिंह, एआरटीओ संदीप भारती के अलावा अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।


Share news