March 26, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

बटाला से जग्गू भगवाणपुरिया गैंग का सक्रिय सदस्य गिरफ्तार; दो आधुनिक पिस्तौल बरामद

Share news

जालंधर ब्रीज: पंजाब को एक सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए गैंगस्टर विरोधी टास्क फोर्स (ए.जी.टी.एफ.) पंजाब ने बटाला पुलिस के साथ संयुक्त अभियान में जग्गू भगवाणपुरिया गैंग के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है और उसके कब्जे से दो आधुनिक पिस्तौल बरामद की हैं। यह जानकारी पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने बुधवार को यहां दी।

गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान गुरलव सिंह उर्फ लव रंधावा निवासी उजागर नगर, बटाला के रूप में हुई है। बरामद हथियारों में एक जिगाना पिस्तौल मैगज़ीन और तीन जिंदा कारतूस सहित और एक .30 बोर पिस्तौल , दो मैगज़ीन और 13 जिंदा कारतूस सहित, शामिल हैं।

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी अपने विदेशी हैंडलर अमृत दालम के निर्देशों पर काम कर रहा था। उन्होंने कहा कि मामले के अन्य तार जोड़ने के लिए आगे की जांच जारी है।

ऑपरेशन के बारे में जानकारी देते हुए, ए.जी.टी.एफ. के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) प्रमोद बान ने बताया कि पुख्ता सूचना पर कार्रवाई करते हुए डीएसपी ए.जी.टी.एफ. राजन परमींदर के नेतृत्व में ए.जी.टी.एफ. की पुलिस टीमों ने बटाला पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई के दौरान बटाला के 60-फुट कादियां रोड के टी-पॉइंट से आरोपी को गिरफ्तार किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बटाला सुहैल कासिम मीर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी गुरलव उर्फ लव रंधावा का आपराधिक रिकॉर्ड है और वह असला एक्ट, चोरी-ठगी और मानव जीवन को खतरे में डालने के मामलों में शामिल रहा है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में आगे की जांच जारी है।

इस मामले में बटाला सिविल लाइंस थाने में एफआईआर नंबर 342 दिनांक 11.11.2025 को असला एक्ट की धारा 25 के तहत केस दर्ज किया गया है।


Share news