
जालंधर ब्रीज: आम आदमी पार्टी (आप) ने शुक्रवार को आगामी गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए इसुदान गढ़वी को पार्टी के मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया है।
पेशे से पत्रकार और पूर्व टीवी एंकर इसुदान गढ़वी को पार्टी द्वारा कराए गए एक सर्वेक्षण में 73 फीसदी वोट मिले। 16 लाख से ज्यादा लोगों ने सीएम चेहरा चुनने के लिए वोट किया।
पार्टी ने 29 अक्टूबर को पार्टी के सीएम उम्मीदवार के नाम के लिए गुजरात के लोगों से सुझाव मांगने के लिए एक नंबर और ईमेल आईडी लॉन्च किया था।
मुख्यमंत्री उम्मीदवार के नाम की घोषणा करते हुए पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आप असली लोकतांत्रिक पार्टी है। हम गुजरात के लोगों द्वारा पार्टी को दिए गए सुझाव के आधार पर अपने सीएम चेहरे की घोषणा कर रहे हैं।
आप के राष्ट्रीय महासचिव और राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य गढ़वी ने काफी लंबे समय तक विभिन्न मीडिया संस्थानों में पत्रकार और एंकर के तौर पर काम किया है। वह जून 2021 में आप में शामिल हुए थे।
इस मौके पर इसुदान गढ़वी ने आप सुप्रीम अरविंद केजरीवाल, पार्टी कार्यकर्ताओं और गुजरात के लोगों का धन्यवाद किया और कहा कि हम पार्टी के बहुत आभारी हैं कि हमारे जैसे आम आदमी को इतनी बड़ी जिम्मेदारी दी और इतना विश्वास किया।
गढ़वी ने कहा कि मैं गुजरात के लोगों से वादा करता हूं कि हमेशा उनका सेवक बनकर उनके कल्याण के लिए काम करूंगा।
इस अवसर पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि गुजरात के लोगों ने बदलाव के लिए अपना मन बना लिया है। आज उन्होंने अपने नए सीएम का नाम चुना है।
उन्होंने कहा कि पारंपरिक दलों के विपरीत, जो दिल्ली से निर्णय लेती हैं, आप एक सच्ची लोकतांत्रिक पार्टी है और लोगों से सुझाव लेने के बाद ही सभी नीतियों को लागू करती है। दिल्ली और पंजाब में लोगों ने अपने सीएम चुने थे। अब गुजरात की जनता ने भी ऐसा ही किया। ‘आप’ लोगों की पार्टी है और इसका एकमात्र एजेंडा गरीबों को सशक्त बनाना और उन्हें उनका अधिकार दिलाना है।
मान ने कहा कि सत्तारूढ़ भाजपा ने अपने 27 साल के शासन में केवल गुजरात के लोगों को लूटा है। उनके कल्याण के लिए कुछ नहीं किया। आम आदमी पार्टी दिल्ली और पंजाब की तरह गुजरात में भी भ्रष्टाचार को खत्म कर स्वास्थ्य,शिक्षा और सरकारी व्यवस्था में सुधार लाएगी।
More Stories
आत्मनिर्भर भारत: भारतीय सेना ड्रोन प्रतियोगिता के माध्यम से स्वदेशी नवाचार को बढ़ावा देगी
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने पहलगाम आतंकी हमले पर भारत के मज़बूत, सफल और निर्णायक जबाव ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर लोक सभा में हुई विशेष चर्चा में भाग लिया
केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय में ₹201 करोड़ की बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का वर्चुअल माध्यम से शिलान्यास किया