जालंधर ब्रीज: आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के वरिष्ठ लीडर और विपक्ष के नेता हरपाल सिंह चीमा ने आरोप लगाया कि पंजाब में विभिन्न सरकारी विभागों में लगभग एक लाख पदों की रिक्तियों के बावजूद, कांग्रेस सरकार और अकाली दल बादल-भारती जनता पार्टी की सरकार ने सूबे के नौजवानों को नौकरी नहीं दी, जबकि कुछ पदों पर भर्ती प्रक्रिया के नाम पर बेरोजगार युवाओं से करोड़ों रुपये फीस वसूल कर उनका आर्थिक शोषण किया है। चीमा ने वादा किया कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के साथ ही अधूरी पड़ी भर्ती प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा और अन्य खाली पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरा जाएगा।
सोमवार को पार्टी मुख्यालय से जारी बयान में हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि पंजाब सरकार के विभिन्न विभागों में लगभग एक लाख पद खाली पड़े हैं। खाली पड़े पदों के विवरणों का खुलासा करते हुए चीमा ने बताया कि शिक्षा विभाग में ईटीटी के 8900 पद, बीएड के 800 पद, लाइब्रेरियन के 200 पद, कॉलेज लेक्चरार के 1100 पद और एनटीटी के 8300 पद खाली पड़े है। इसी तरह पंजाब पुलिस में 10,000, होमगार्ड के 5000, जेल विभाग में वार्डन के 800, पटवारी के 1100, पंचायत सचिव के 800, एफसीआई में चौकीदार के 800, इंस्पेक्टर के 148, पीएसटीसीएल के 600, पीएसपीसीएल के 1000, लाइनमैन के 1700, स्वास्थ्य विभाग में वार्ड अटेंडेंट के 800 , ड्राफ्ट्समैन के 1000 , इंजीनियर के 1000 और सहकारी बैंकों में 200 पद सहित अन्य संस्थानों में लगभग एक लाख पद खाली पड़े है। उन्होंने कहा कि लाखों पढ़े-लिखे युवा सरकारी नौकरी पाने का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन सत्तारूढ़ शिअद-भाजपा और कांग्रेस सरकारों ने बेरोजगारों को सरकारी नौकरी नहीं दी।
हरपाल सिंह चीमा ने कांग्रेस पार्टी पर पंजाब के युवाओं के साथ धोखा करने और वादा-खिलाफी करने का आरोप लगते हुए कहा कि 2017 के चुनावों के मौके कांग्रेस पार्टी ने कैप्टन अमरिंदर सिंह की अगवाई में नौजवानो से वादा किया था कि सूबे में घर घर नौकरी दी जाएगी, लेकिन सत्ता में आने के बाद कैप्टन और कांग्रेस आम लोगों को सरकारी नौकरी देने के अपने वादे से मुकर गई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने आम लोगों के बेटे-बेटियों को धोखा देकर कांग्रेस सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह के पोते समेत कांग्रेस के विधायकों और नेताओं के बेटे-बेटियों को उच्च स्तरीय नौकरियां दे दी।
अकाली दल बादल और भारतीय जनता पार्टी की आलोचना करते हुए हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि लगातार 10 वर्षों राज करने वाली अकाली दल-भाजपा सरकार ने भी खाली पदों को भरने की कोशिश नहीं की, जिसके कारण राज्य के लाखों युवा नौकरी पाने की अपनी उम्र पूरी कर चुके है।
हरपाल सिंह चीमा ने पंजाब के युवाओं से वादा किया कि राज्य में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने पर रिक्त पदों को तुरंत भरा जाएगा और विभिन्न विभागों में अधूरी भर्ती प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा। चीमा ने कहा कि सरकारी पदों पर भर्ती विशुद्ध योग्यता और मेरिट के आधार पर की जाएगी और किसी भी प्रकार की सिफारिश, पैसे का प्रयोग और भाई-भतीजावाद बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बल्कि शासन-प्रशासन में पारदर्शिता की मिसाल कायम की जाएगी।

More Stories
मेहरचंद पॉलिटेक्निक में नेत्रहीन विद्यार्थियों के लिए कंप्यूटर लैब स्थापित
विकसित भारत’ के सपने और उच्च नैतिकता का एक उत्कृष्ट संगम ‘मिज़ोरम’
गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय कार्यक्रम में प्रो. डॉ. संजय अध्यक्ष, एम्स गुवाहाटी का संबोधन