जालंधर ब्रीज: भारतीय जनता पार्टी पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने आम आदमी पार्टी द्वारा राष्ट्र तथा समाज की सेवा करने की बजाय अपनी जीत के जश्न के लिए सरकारी मशीनरी का जम कर दुरूपयोग किए जाने तथा प्रदेश की जनता के खून-पसीने के कमाई के टैक्स के पैसों को अपनी जीत के जश्न के लिए उड़ाने पर सवाल खड़े किए हैं। अश्वनी शर्मा ने इस संबंध में पंजाब के मुख्य सचिव को पत्र लिख कर इसकी जवाब माँगा है।
अश्वनी शर्मा ने कहा कि आम आदमी पार्टी अब आम नहीं रही, वो खास बन चुकी है। तभी तो आम आदमी पार्टी द्वारा खास-खास कार्यक्रम आयोजित कर जनता द्वारा दिए गए टैक्स के करोड़ों रुपए उन पर उड़ाए जा रहे हैं। भगवंत मान द्वारा अभी राज्यपाल के समक्ष पंजाब में सरकार गठित करने का दावा पेश किया गया है। लेकिन भगवंत मान द्वारा अपने कार्यक्रमों के लिए पहले ही दिन से सरकारी तन्त्र का जम कर दुरुपयोग किया जा रहा है और संविधान की भी धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। शर्मा ने कहा कि जब भगवंत मान मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण नहीं करते तब तक चरणजीत सिंह चन्नी पंजाब के केयरटेकर मुख्यमंत्री हैं।
शर्मा ने सवाल किया कि आखिर किसके आदेश पर रोड शो के लिए पैसा रिलीज हुआ? डिप्टी कमिश्नर को रैली में बसें लाने के लिए किस ने 2-2 लाख रुपए जारी किए गए? यह बहुत चिंता का विषय है और इसकी जांच की जानी चाहिए। अभी भगवंत मान द्वारा मुख्यमंत्री पद की शपथ ली भी नहीं गई और आम आदमी पार्टी के कार्यक्रमों के लिए सरकारी बसों का दुरूपयोग हो रहा है और इसके लिए पैसा जारी किया जा रहा है। यह अधिकार किसने किसको दिया? पंजाब की जनता सब कुछ देख व समझ रही है।
अश्वनी शर्मा द्वारा भाजपा द्वारा प्रदेश की जनता के प्रति अपनी जिम्मेवारी निभाते हुए प्रदेश सचिव को लिखे पत्र में लिखा कि जानकारी के अनुसार आपने विशेष मुख्य सचिव राजस्व एवं पुनर्वास द्वारा डिप्टी कमिश्नर अमृतसर को तथा अन्य 23 जिलों के डिप्टी कमिश्नरों को रोड शो के लिए राशि आवंटित तथा समारोह के लिए बसों व अन्य परिवहन की व्यवस्था करने की आदेश जारी किए गए हैं। इस संबंध में पीएसएलजी को इस संबंध में आयुक्त को निर्देश देने को कहा गया है। इतनी बड़ी धनराशि खर्च करने के यह आदेश ऐसे समय में दिए गए हैं, जब पंजाब की अर्थ-व्यवस्था पहले से ही चरमराई हुई है।
शर्मा ने कहा कि पंजाब पहले 3 लाख करोड़ के कर्ज तले दाबा हुआ है। आम आदमी की पार्टी होने के बड़े-बड़े दावे करने वाले अरविन्द केजरीवाल व भगवंत मान द्वारा ऐसे कार्यक्रम करके पंजाब के खज़ाने को करोड़ों रूपये की चपत लगाई गई है और यह आगे भी लगातार जारी है। शर्मा द्वारा इस संबंध में पंजाब के मुख्य सचिव को पत्र लिख कर उपरोक्त सभी सवालों के संबंध में जवाब मांगें हैं।

More Stories
एम्स गुवाहाटी के अध्यक्ष द्वारा मिजोरम के राज्यपाल को पुस्तकें भेंट
होली के पावन अवसर पर संदेश पद्म श्री प्रो. डॉ. बी.के.एस. संजय अध्यक्ष, एम्स गुवाहाटी
इंडियन सोसाइटी ऑफ एनेस्थीसियोलॉजिस्ट्स की पंचकूला शाखा का उद्घाटन