जालंधर ब्रीज: नीलोखेड़ी(आरक्षित) सीट से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रहे अमर सिंह ने आज कांग्रेस का दामन थाम लिया। पार्टी के चंडीगढ़ स्थित मुख्यालय में पंजाब विधान सभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा की उपस्थिति में अमर सिंह ने कांग्रेस में शामिल होने का ऐलान किया। प्रताप सिंह बाजवा ने उन्हें विधिवत रूप से पार्टी का सदस्य बनाया।
अमर सिंह का स्वागत करते हुए प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि वे बिना किसी शर्त कांग्रेस में शामिल हुए हैं और कांग्रेस के उम्मीदवार धर्मपाल गोंदर को उन्होंने पूरी तरह से समर्थन देने का एलान किया है। प्रताप बाजवा ने कहा कि अमर सिंह नीलोखेड़ी के सिख समुदाय में अत्यंत लोकप्रिय हैं और पिछले 25 वर्ष से गुरु घर के साथ जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि नीलोखेड़ी में सिख मतदाताओं की संख्या 25 हज़ार के लगभग है।
मीडिया के साथ बातचीत में अमर सिंह ने कहा कि इस समय हरियाणा में मुकाबला सीधे कांग्रेस और भाजपा के बीच है। नीलोखेड़ी में भी यही स्थिति है। उन्होंने कहा कि इस समय सबसे बड़ा मकसद किसानों, महिलाओं, दलितों और अल्पसंख्यकों के साथ अन्याय करने वाली भाजपा सरकार से निजात पाना है और यह काम केवल कांग्रेस कर सकती है। उन्होंने कहा कि अगर वे चुनाव लड़ते तो इसका सीधा लाभ भाजपा को होता। उन्होंने कहा वोट का विभाजन न हो इसे सुनिश्चित करने के लिए वे कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं।
इस अवसर पर हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी केवल ढींगरा और हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के लीगल सेल के चेयरमैन के सी भाटिया ने भी अमर सिंह का पार्टी में स्वागत किया।

More Stories
पंजाब में चालू खरीफ सीजन के लिए यूरिया की कोई किल्लत नहीं; मांग के मुकाबले 10.71 लाख मीट्रिक टन की रिकॉर्ड उपलब्धता सुनिश्चित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबसे लंबे निरंतर प्रधानमंत्री कार्यकाल पर गुरुद्वारा साहिब लुधियाना में अरदास
एम्स गुवाहाटी के अध्यक्ष ने त्रिपुरा के राज्यपाल से की भेंट; भविष्य के चिकित्सकों को सड़क सुरक्षा और राष्ट्र निर्माण पर किया संबोधित