जालंधर ब्रीज: हरिद्वार/देहरादून! संविधान दिवस के अवसर पर एस.एम.जे.एन. (पी.जी.) कॉलेज, हरिद्वार में आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ, विधिक सहायता प्रकोष्ठ, एंटी ड्रग सेल एवं मेरा युवा भारत, हरिद्वार के संयुक्त तत्वावधान में ‘नशामुक्त भारत एवं विकसित भारत’ विषय पर युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहन्त डॉ. रविन्द्र पुरी जी महाराज ने की। मुख्य अतिथि के रूप में एम्स गुवाहाटी के अध्यक्ष, पद्मश्री प्रो. (डॉ.) बी.के.एस. संजय उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ संविधान की प्रस्तावना के वाचन एवं संवैधानिक मूल्यों के स्मरण के साथ हुआ। वक्ताओं ने युवाओं को मौलिक कर्तव्यों, सामाजिक उत्तरदायित्व और नशामुक्त भारत के संकल्प के प्रति जागरूक किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित एम्स के अध्यक्ष, पद्मश्री प्रो. (डॉ.) बी.के.एस. संजय ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ परिवार, समाज और राष्ट्र की उत्पादकता को भी प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा एवं प्रतिभा राष्ट्र निर्माण में लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। संविधान दिवस पर उन्होंने संविधान को लोकतंत्र एवं सामाजिक समरसता का आधार बताया। इस अवसर पर उन्होंने सड़क सुरक्षा पर अपनी कविता ‘खतरा’ का पाठ कर युवाओं को सुरक्षित जीवन का संदेश दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए श्रीमहन्त डॉ. रविन्द्र पुरी जी महाराज ने कहा कि यदि युवा नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर अपनी ऊर्जा का उपयोग शिक्षा, संस्कार, सेवा और राष्ट्र निर्माण में करें, तो विकसित भारत का सपना निश्चित रूप से साकार हो सकता है। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. सुनील कुमार बत्रा ने कहा कि संविधान दिवस हमें भारतीय लोकतंत्र के मूल आदर्शों एवं संवैधानिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने का अवसर प्रदान करता है।
मेरा युवा भारत, उत्तराखंड के सहायक निदेशक ब्रजेश कौशिक ने कहा कि महाविद्यालय में इस प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन विद्यार्थियों में सामाजिक चेतना, नैतिक जिम्मेदारी एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. संजय माहेश्वरी ने कहा कि युवा संवाद जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को सामाजिक एवं राष्ट्रीय मुद्दों पर अपने विचार व्यक्त करने तथा उनके समाधान में सक्रिय भागीदारी करने का अवसर प्रदान करते हैं।

More Stories
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने प्रोबेशनरी आईपीएस अधिकारियों को पूरी लगन, ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ लोगों की सेवा करने के लिए किया प्रेरित
आकाशवाणी जालंधर द्वारा 27 नवंबर को जालंधर में ‘एआईआर राइजिंग स्टार्स – सीज़न 1’ संगीत समारोह का आयोजन
जल आपूर्ति एवं स्वच्छता विभाग में 54 और पुड्डा में दो नए उम्मीदवारों की नियुक्ति; हरदीप सिंह मुंडियां ने सौंपे नियुक्ति पत्र