November 26, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

आकाशवाणी जालंधर द्वारा 27 नवंबर को जालंधर में ‘एआईआर राइजिंग स्टार्स – सीज़न 1’ संगीत समारोह का आयोजन

Share news

यह संगीत समारोह आकाशवाणी के 90 वर्षों के समारोहों का हिस्सा है

जालंधर ब्रीज: युवा और उभरते हुए संगीत कलाकारों को आगे बढ़ने के लिए प्रतिष्ठित राष्ट्रीय मंच – आकाशवाणी – प्रदान करने के उद्देश्य से, राष्ट्रीय प्रसारक अपनी देशव्यापी पहल ‘एआईआर राइजिंग स्टार्स – सीज़न वन’ के तहत पंजाब के युवाओं के लिए एक विशेष संगीत समारोह आयोजित कर रहा है।

यह कार्यक्रम 27 नवंबर, 2026 को शाम 6 बजे से के. एल. सहगल मेमोरियल हॉल, जालंधर में आयोजित किया जाएगा।

यह भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की एक पहल है, जिसका उद्देश्य युवा संगीत प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और भारत की समृद्ध एवं विविध संगीत विरासत का उत्सव मनाना है।
यह आयोजन आकाशवाणी के 90 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित समारोहों का हिस्सा है। इसका उद्देश्य 30 वर्ष से कम आयु के कलाकारों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करना है, जिससे वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें और व्यापक दर्शकों तक पहुंच बना सकें।

पहले सीज़न के तहत 17 से 30 नवंबर, 2026 तक देशभर में भाग लेने वाले आकाशवाणी केंद्रों के माध्यम से कुल 26 संगीत समारोह आयोजित किए जा रहे हैं।

इस कार्यक्रम का उद्देश्य संगीतकारों की अगली पीढ़ी को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ भारत की विविध संगीत परंपराओं को बढ़ावा देना है। इनमें हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत, कर्नाटक शास्त्रीय संगीत, सुगम एवं लोक संगीत, पश्चिमी संगीत और अन्य क्षेत्रीय संगीत शैलियां शामिल हैं। भाग लेने वाले कलाकारों का उत्साह बढ़ाने के लिए प्रतिष्ठित हस्तियों, संगीत के पारखियों, युवा आदर्शों, विद्यार्थियों और आम जनता को भी आमंत्रित किया जाएगा।

इन संगीत समारोहों का प्रसारण आकाशवाणी केंद्रों के नेटवर्क के माध्यम से किया जाएगा। इसके अलावा दूरदर्शन, आकाशवाणी के ‘रागम’ यूट्यूब चैनल, 26 आकाशवाणी केंद्रों के यूट्यूब चैनलों, ‘न्यूज़ऑनएयर’ मोबाइल ऐप और प्रसार भारती के ‘वेव्स ओटीटी’ प्लेटफॉर्म पर भी इनका कवरेज किया जाएगा।

15 जनवरी, 2027 तक प्राप्त होने वाले यूट्यूब व्यूज़ की सर्वाधिक संख्या के आधार पर शीर्ष तीन कलाकारों को नकद पुरस्कार और प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। प्रथम पुरस्कार के रूप में 20,000 रुपये, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 15,000 रुपये और तृतीय पुरस्कार के रूप में 10,000 रुपये दिए जाएंगे।


Share news

You may have missed