October 29, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

तरुनप्रीत सिंह सौंद ने मनरेगा कर्मचारी यूनियन की मांगों का समयबद्ध समाधान करने का दिया आश्वासन

Share news

जालंधर ब्रीज: पंजाब के ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्री श्री तरुनप्रीत सिंह सौंद ने आज मनरेगा कर्मचारी यूनियन के प्रतिनिधियों को आश्वासन दिया कि उनकी जायज मांगों पर विचार करके उन्हें प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा, ताकि इन मांगों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

खन्ना में यूनियन प्रतिनिधियों के साथ मुलाकात के दौरान श्री सौंद ने उनकी समस्याओं और मांगों को ध्यानपूर्वक सुना तथा विश्वास दिलाया कि मान सरकार उनके लंबित मामलों का समय पर समाधान करने के लिए हर संभव प्रयास करेगी।

कैबिनेट मंत्री ने मनरेगा, जिसे अब ‘वीबी जी राम जी’ के रूप में संदर्भित किया गया है, को लागू करने तथा जमीनी स्तर पर सरकारी योजनाओं का सुचारु लाभ सुनिश्चित करने में मनरेगा कर्मचारियों द्वारा निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका को स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण बुनियादी ढांचे को और मजबूत करने तथा प्रदेशभर के गांवों के लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाने में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है।

श्री सौंद ने कहा कि मुख्यमंत्री स.भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार सरकारी कर्मचारियों के हितों की रक्षा करने और उनके कल्याण को सुनिश्चित बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने आगे कहा कि सरकार पारदर्शी, कर्मचारी हितैषी और जवाबदेह शासन व्यवस्था में विश्वास रखती है तथा अपने कर्मचारियों की जायज चिंताओं को दूर करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

राज्य सरकार के जनहितैषी दृष्टिकोण पर प्रकाश डालते हुए मंत्री ने कहा कि मान सरकार किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं, सरकारी कर्मचारियों और ग्रामीण समुदायों सहित समाज के सभी वर्गों की भलाई के लिए अथक प्रयास कर रही है। उन्होंने आगे कहा कि सरकार समग्र विकास को बढ़ावा देने, ग्रामीण शासन व्यवस्था को मजबूत करने, रोजगार के अवसर बढ़ाने और प्रदेशभर में नागरिकों के अनुकूल सेवाएं उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

कैबिनेट मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आगे आश्वासन दिया कि बैठक के दौरान उठाए गए सभी मुद्दों की गहन समीक्षा की जाएगी और निर्धारित समय सीमा के भीतर उचित कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों के समक्ष मामला उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि व्यावहारिक और स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के लिए नीतिगत निर्णयों अथवा वित्तीय प्रभाव वाले मुद्दों पर वित्त विभाग के साथ चर्चा की जाएगी।

कर्मचारियों के कल्याण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए सौंद ने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारी यूनियनों के साथ सकारात्मक बातचीत जारी रखेगी और उनकी जायज मांगों का निष्पक्ष, पारदर्शी तथा समयबद्ध तरीके से समाधान करने के लिए काम करेगी।

इस बैठक में मनरेगा कर्मचारी यूनियन के प्रधान सेवक सिंह, चेयरमैन अमनदीप कुमार, वित्त सचिव रमनदीप सिंह, हरविंदर सिंह, बंटी बैंस, किशोर कुमार और जगदेव सिंह उपस्थित थे।


Share news