October 19, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

अब ‘आप’ के नेताओं ने भी माना कि सरकार नशा खत्म करने में नाकाम रही: अविनाश राय खन्ना

Share news

जालंधर ब्रीज:  पंजाब भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अविनाश राय खन्ना ने कहा है कि अब आम आदमी पार्टी (‘आप’) के नेताओं ने भी स्वीकार कर लिया है कि उनकी सरकार पंजाब से नशे को पूरी तरह खत्म करने में नाकाम रही है। जारी बयान के अनुसार, अविनाश खन्ना ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र शुतराणा में ‘आप’ से जुड़े नशा मुक्ति मोर्चा के पदाधिकारियों और ब्लॉक अध्यक्षों सहित 33 प्रमुख नेताओं का इस्तीफा देना इस बात का प्रमाण है। इस्तीफा देने वाले नेताओं ने खुद इस बात को स्वीकार किया है। इसके बाद कहने के लिए और कुछ नहीं बचता। उन्होंने यह भी कहा कि आम आदमी पार्टी का पतन शुरू हो चुका है और उसके नेता अब डूबते जहाज को छोड़कर जाने लगे हैं।

अविनाश खन्ना ने कहा कि जिस मोर्चे को सरकार ने नशे के खिलाफ अपना सबसे बड़ा हथियार बताया था, उसी मोर्चे के कार्यकर्ता आज सरकार की कार्यप्रणाली से निराश होकर अपने पद छोड़ रहे हैं। यह सरकार के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड को लेकर भी राज्य सरकार को घेरते हुए खन्ना ने कहा कि भाजपा न्याय की इस लड़ाई को ठंडा नहीं पड़ने देगी। उन्होंने इस मामले की सीबीआई जांच की अपनी मांग भी दोहराई। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों को सुरक्षा प्रदान की जानी चाहिए।

उल्लेखनीय है कि शुतराणा विधानसभा क्षेत्र में नशा मुक्ति मोर्चा के जिला अध्यक्ष रणजीत सिंह विक्की, ब्लॉक अध्यक्ष के.पी. शर्मा, घग्गा ब्लॉक अध्यक्ष शक्ति गोयल, हरियाऊ ब्लॉक अध्यक्ष अमरिंदर सिंह और समन्वयक नंद लाल घग्गा सहित 25 ब्लॉक अध्यक्षों समेत कुल 33 नेताओं ने अपने पदों से इस्तीफा देने की घोषणा की है। इन नेताओं का कहना है कि पंजाब में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने में राज्य सरकार विफल रही है।


Share news