September 28, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

पंजाब पुलिस द्वारा एल.पी.यू. में हुई हिंसा की वैज्ञानिक और तकनीकी तरीके से की जा रही जांच : डी.जी.पी. गौरव यादव

Share news

जालंधर ब्रीज: पंजाब के डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस गौरव यादव ने आज यहां लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) में मौजूदा हालात का जायजा लेते हुए कहा कि यूनिवर्सिटी के बाहर अज्ञात शरारती तत्वों द्वारा की गई हिंसक घटनाओं की व्यापक वैज्ञानिक और तकनीकी जांच की जा रही है और साथ ही विद्यार्थियों तथा यूनिवर्सिटी प्रशासन के बीच बातचीत के माध्यम से मामलों के सौहार्दपूर्ण समाधान के लिए लगातार प्रयास भी जारी हैं।

लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी पहुंचे डी.जी.पी. गौरव यादव ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि पुलिस द्वारा शांति बनाए रखने और विद्यार्थियों के मामलों के उचित समाधान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस बल को स्पष्ट हिदायतें दी गई हैं कि वे अधिक से अधिक संयम बरतें और विद्यार्थियों के विरुद्ध बल का प्रयोग न करें। उन्होंने कहा, “विद्यार्थी हमारे बच्चे हैं और हमारी प्राथमिकता उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना है। हमने विद्यार्थियों और यूनिवर्सिटी प्रशासन के बीच बातचीत के माध्यम से मामलों को हल करने के लिए हर संभव प्रयास किया है।”

डी.जी.पी. ने बताया कि पुलिस ने विद्यार्थियों के प्रतिनिधियों और यूनिवर्सिटी प्रशासन के बीच कई बैठकें करवाई हैं, ताकि बातचीत के माध्यम से सभी मामलों का समाधान किया जा सके। उन्होंने कहा कि पुलिस शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने और सभी विद्यार्थियों, निवासियों तथा अन्य संबंधित पक्षों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

रविवार रात हुई हिंसक घटनाओं के बारे में बात करते हुए डी.जी.पी. ने कहा कि पुलिस द्वारा जिम्मेदार व्यक्तियों की पहचान करने के लिए उपलब्ध सभी वीडियो फुटेज, सी.सी.टी.वी. रिकॉर्डिंग और अन्य तकनीकी सबूतों की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि व्यापक जांच के लिए पहले ही विशेष जांच टीम (एस.आई.टी.) का गठन किया जा चुका है और हिंसक गतिविधियों में शामिल पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच के बाद जो भी जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

डी.जी.पी. ने लोगों से भी अपील की कि वे सोशल मीडिया पर गैर-प्रमाणित ऑडियो/वीडियो क्लिप या अन्य गुमराह करने वाली सामग्री फैलाने से गुरेज करें। उन्होंने लोगों से केवल आधिकारिक और प्रमाणित स्रोतों के माध्यम से जारी की गई जानकारी पर ही भरोसा करने के लिए कहा और चेतावनी दी कि जान-बूझकर बेबुनियाद या गुमराह करने वाली सामग्री फैलाने वालों के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आगे कहा कि यूनिवर्सिटी और इसके आसपास स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और अमन-कानून बनाए रखने तथा किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस द्वारा उचित प्रबंध किए गए हैं।

गौरव यादव ने बताया कि रविवार और सोमवार की मध्यरात्रि घटना के बारे में जानकारी मिलते ही, जालंधर रेंज के डीआईजी नवीन सिंगला और कपूरथला के एसएसपी गौरव तूरा, पुलिस के आवश्यक अमले सहित मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए तुरंत कार्रवाई की। डीजीपी ने कहा कि पुलिस द्वारा स्थिति पर नजदीकी नजर रखी जा रही है और इलाके में शांति, सुरक्षा तथा सार्वजनिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।


Share news

You may have missed