August 24, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

पंजाब सरकार द्वारा बुजुर्गों की सम्मानजनक देखभाल के लिए आधुनिक वृद्ध आश्रमों के माध्यम से प्रतिबद्धता मजबूत: डॉ. बलजीत कौर

Share news

जालंधर ब्रीज:  पंजाब सरकार द्वारा बुजुर्ग नागरिकों के कल्याण के प्रति अपनी दृढ़ प्रतिबद्धता दोहराते हुए सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार राज्य के बुजुर्गों को समाज की अनमोल धरोहर मानती है और उन्हें मान-सम्मान, सुरक्षा एवं सहारा प्रदान करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

विस्तृत जानकारी साझा करते हुए डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा राज्य भर में कई वृद्ध आश्रम चलाए जा रहे हैं, जहां देखभाल और सहायता की आवश्यकता वाले बुजुर्गों को सुरक्षित रहने की व्यवस्था, गुणवत्तापूर्ण सेवाएं और सहयोगात्मक वातावरण उपलब्ध करवाया जाता है। उन्होंने बताया कि बरनाला जिले के तपा में ढिल्लवां रोड स्थित खट्टर पट्टी में बनाया गया 72 बिस्तरों वाला बाबा फूल सरकारी वृद्ध आश्रम 8.21 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है, जिसका उद्घाटन 9 अप्रैल, 2025 को किया गया था।

मंत्री ने बताया कि इस समय बाबा फूल सरकारी वृद्ध आश्रम में 16 बुजुर्ग रह रहे हैं, जिन्हें सभी आवश्यक सुविधाएं बिल्कुल नि:शुल्क उपलब्ध करवाई जा रही हैं। इनमें आरामदायक डॉरमिटरी में रहने की सुविधा, पौष्टिक भोजन, कपड़े, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं, पुस्तकालय, बागवानी की सुविधा, सप्ताह में दो बार योग सत्र तथा इनडोर मनोरंजन गतिविधियां शामिल हैं, जो बुजुर्गों के शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य को बढ़ावा देती हैं।

डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि पंजाब सरकार का उद्देश्य केवल बुजुर्गों को रहने के लिए स्थान उपलब्ध करवाना ही नहीं, बल्कि ऐसा वातावरण तैयार करना है जहां वे स्वयं को सम्मानित, सुरक्षित और समाज से जुड़ा हुआ महसूस करें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बुजुर्गों के कल्याण के लिए योजनाओं को लगातार मजबूत कर रही है, ताकि प्रत्येक बुजुर्ग अपने जीवन के इस पड़ाव को मान-सम्मान, संवेदना, सुरक्षा और अपनत्व के साथ व्यतीत कर सके।

जरूरतमंद बुजुर्गों से अपील करते हुए डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि जो बुजुर्ग बेसहारा हैं, जिन्हें देखभाल एवं रहने के लिए सहायता की आवश्यकता है या जो निर्धारित पात्रता मापदंडों को पूरा करते हैं, वे अपने संबंधित जिले के जिला सामाजिक सुरक्षा अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं, ताकि सरकारी वृद्ध आश्रमों में दाखिले संबंधी आवश्यक जानकारी और सहायता प्राप्त की जा सके। यह दाखिला निर्धारित पात्रता मापदंडों और उपलब्ध स्थानों के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने लोगों, पंचायती राज संस्थाओं, शहरी स्थानीय निकायों, सामाजिक संगठनों और समुदाय से भी अपील की कि वे ऐसे बुजुर्गों की पहचान कर उनकी सहायता करें, ताकि पंजाब में कोई भी बुजुर्ग देखभाल, सहारे और सम्मान से वंचित न रहे।

समावेशी और संवेदनशील समाज के लिए सरकार की सोच को दोहराते हुए मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार बुजुर्ग नागरिकों के कल्याण और उनके मान-सम्मान की रक्षा के लिए सामाजिक सुरक्षा पहलों को और मजबूत करती रहेगी, ताकि कोई भी बुजुर्ग देखभाल, सुरक्षा और सहारे से वंचित न रहे।


Share news

You may have missed