August 3, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

हंसराज महिला महाविद्यालय में महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम, 25 महिलाओं को मिला सम्मान

Share news

जालंधर ब्रीज: सरदार अजीत सिंह फाउंडेशन सोसाइटी पिछले 10 वर्षों से सामाजिक जागरूकता और समाज के विभिन्न वर्गों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। संस्था द्वारा आज हंसराज महिला महाविद्यालय, जालंधर में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें 25 महिलाओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए तथा उन्हें स्किन एंड हेयर केयर का कार्य शुरू करने के लिए आवश्यक किटें वितरित की गईं।

पंजाब सरकार की मदर एनजीओ सोसवा (SOSVA) द्वारा प्रायोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत संस्था ने फरवरी 2026 से जुलाई 2026 तक छह माह का स्किन एंड हेयर केयर प्रशिक्षण पाठ्यक्रम संचालित किया। इस दौरान 25 जरूरतमंद महिलाओं को संपूर्ण प्रशिक्षण दिया गया ताकि वे इस क्षेत्र में स्वरोजगार शुरू कर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत बना सकें। यह छह माह का प्रशिक्षण प्रोजेक्ट पंजाब सरकार की मदर एनजीओ सोसवा नॉर्थ इंडिया के सहयोग से संचालित किया गया।

कार्यक्रम में जालंधर की वरिष्ठ पत्रकार तेजिंदर कौर (पंजाबी जागरण) विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

काउंसलिंग साइकोलॉजिस्ट डॉ. नवतिंदर कौर ने महिलाओं को स्वयं तथा अपने परिवार के सदस्यों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इस अवसर पर उन्होंने पेरेंटिंग से संबंधित 15 दिनों का एक विशेष जर्नल भी प्रस्तुत किया, जिसके माध्यम से माता-पिता अपने बच्चों को और बेहतर ढंग से समझ सकते हैं।

डॉ. संगीना, मेडिकल ऑफिसर (सिविल सर्जन, जालंधर के अधीन), ने महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि परिवार की देखभाल के साथ-साथ महिलाओं को अपनी सेहत का भी पूरा ध्यान रखना चाहिए।

इस अवसर पर सरदार अजीत सिंह फाउंडेशन सोसाइटी की अध्यक्ष रमनप्रीत कौर ने इस परियोजना की विस्तृत जानकारी दी तथा संस्था द्वारा भविष्य में किए जाने वाले विभिन्न सामाजिक प्रकल्पों के बारे में भी बताया। उल्लेखनीय है कि रमनप्रीत कौर पिछले एक दशक से अधिक समय से समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में समर्पित भाव से कार्य कर रही हैं।कार्यक्रम में संस्था की ओर से जसमीत कौर, मंजू शर्मा, हरप्रीत कौर और पूजा शर्मा भी उपस्थित रहीं।


Share news