June 8, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

वोटर मैपिंग के लिए जालंधर जिले के 1926 पोलिंग बूथों पर लगाए गए विशेष कैंप

Share news

जालंधर ब्रीज: प्री-एस.आई.आर. मुहिम के तहत मौजूदा वोटरों की 2003 की वोटर सूची के साथ मैपिंग सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन द्वारा आज जिले भर के सभी 1926 पोलिंग बूथों पर विशेष कैंप लगाए गए। इन कैंपों के दौरान बूथ लेवल अधिकारियों (बी.एल.ओ.) ने अपने-अपने बूथों पर मौजूद रहकर वोटरों को मैपिंग प्रक्रिया संबंधी जरूरी जानकारी और सहायता प्रदान की।

इस दौरान ज्वाइंट सी.ई.ओ. नवनीत कौर बल्ल ने विधानसभा क्षेत्र 34-जालंधर पश्चिमी, 35-जालंधर केंद्रीय और 37-जालंधर छावनी के विभिन्न पोलिंग बूथों का निरीक्षण करके बी.एल.ओ. की उपस्थिति तथा मैपिंग कार्य का जायजा लिया।

ज्वाइंट सी.ई.ओ. ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग की हिदायतों के अनुसार स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन को ध्यान में रखते हुए, जिन वोटरों का वर्ष 2003 का विवरण प्राप्त नहीं हुआ है, उन्हें मुख्य निर्वाचन दफ्तर, पंजाब द्वारा मैपिंग की सुविधा प्रदान करने के लिए आज पूरे पंजाब में बूथ स्तर पर विशेष कैंप लगाए गए है ताकि कोई भी योग्य वोटर मैपिंग प्रक्रिया से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि एस.आई.आर. का उद्देश्य त्रुटिरहित और पारदर्शी वोटर सूची तैयार करना है।

उन्होंने पंजाब में एस.आई.आर. संबंधी शेड्यूल के बारे में विस्तार से जानकारी साझा करते हुए बताया कि 25 जून से 24 जुलाई 2026 तक बूथ लेवल अधिकारी (बी.एल.ओ.) घर-घर जाकर वोटरों से फॉर्म भरवाएंगे। ड्राफ्ट वोटर सूची का प्रकाशन 3 अगस्त 2026 को होगा और दावे व आपत्तियां 3 अगस्त से 2 सितंबर 2026 तक प्राप्त किए जाएंगे। उन्होंने आगे बताया कि नोटिस चरण/दावों व आपत्तियों का निपटारा 3 अगस्त से 28 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। अंतिम वोटर सूची का प्रकाशन 1 अक्तूबर 2026 को होगा।

उन्होंने वोटरों से एस.आई.आर. प्रक्रिया के दौरान सक्रिय भागीदारी निभाते हुए अपने विवरण की पुष्टि करवाने की अपील भी की।


Share news