April 10, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

2018 बैच के आई.ए.एस. अधिकारी वरजीत वालिया ने जालंधर के नए डिप्टी कमिश्नर के तौर पर संभाला पद

Share news

जालंधर ब्रीज: 2018 बैच के आई.ए.एस. अधिकारी वरजीत वालिया ने शुक्रवार सुबह जालंधर जिले के नए डिप्टी कमिश्नर के तौर पर पद संभाल लिया है।

जिला प्रशासकीय कॉम्प्लेक्स में चार्ज संभालने से पहले उन्हें जिला पुलिस की टुकड़ी द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद जिला प्रशासन के सीनियर अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया।

पद संभालने के बाद डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि पंजाब सरकार की प्रमुख योजनाओं और लोक कल्याण प्रोग्रामों को प्रभावी ढंग से लागू करना उनकी मुख्य प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की जन-हितैषी पहलकदमियों का लाभ जमीनी स्तर पर लोगों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

अधिकारियों और स्टाफ के साथ बैठक के दौरान वालिया ने उन्हें अपनी ड्यूटी पूरी लगन और तनदेही से निभाने के लिए कहा, ताकि विभिन्न योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच सके।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि जिले में बुनियादी ढांचे को और मजबूत करने के साथ-साथ शिकायतों का समय पर निपटारा उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में से एक रहेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा और इस उद्देश्य की प्राप्ति के लिए विस्तृत सिस्टम तैयार किया जाएगा।

जालंधर के साथ अपनी पुरानी साझेदारी को याद करते हुए वरजीत वालिया ने कहा कि उन्होंने जिला जालंधर में अपनी एक साल की फील्ड ट्रेनिंग पूरी की थी और कोविड-19 महामारी तथा बाढ़ की स्थिति के प्रबंधन में भी काम किया था।

जालंधर को खेलों, उद्योग, मीडिया और प्रवासी भारतीयों का एक प्रमुख केंद्र बताते हुए डिप्टी कमिश्नर ने समाज के सभी वर्गों की भलाई के लिए अथक काम करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

जालंधर में तैनात होने से पहले वरजीत वालिया रूपनगर के डिप्टी कमिश्नर के तौर पर सेवाएं दे चुके हैं, जहां उन्हें श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस से संबंधित महत्वपूर्ण समारोहों में ड्यूटी करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उसके बाद जालंधर के नए डिप्टी कमिश्नर के तौर पर नियुक्त होने से पहले वह पटियाला के डिप्टी कमिश्नर के तौर पर भी सेवाएं दे चुके है।


Share news