जालंधर ब्रीज: पंजाब को सुरक्षित प्रदेश बनाने के लिए चलाई जा रही मुहिम के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने चार व्यक्तियों को, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है, सात आधुनिक पिस्तौलों सहित गिरफ्तार करके सरहद पार से हथियारों की तस्करी के मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। यह जानकारी आज यहां डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने दी।
गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान गुरविंदर सिंह उर्फ गिंदर (32), जॉबनबीर सिंह उर्फ जॉबन (23), दोनों निवासी गांव लधेवाल, अमृतसर; गांव भूसे, तरन तारन के निवासी लवप्रीत सिंह उर्फ लव; और एक 16 वर्षीय नाबालिग के रूप में हुई है। बरामद की गई पिस्तौलों में दो .30 बोर पीएक्स 5 स्टॉर्म, इटली निर्मित दो .30 बोर पिस्तौल, एक .30 बोर चीनी पिस्तौल, ऑस्ट्रिया निर्मित एक .30 बोर और एक 9 एमएम पिस्तौल तथा 12 जिंदा कारतूस शामिल हैं। पुलिस टीमों ने मुलजिमों का मोटरसाइकिल भी जब्त कर लिया है।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि उक्त मुलजिम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से पाकिस्तान स्थित तस्करों के संपर्क में थे। उन्होंने बताया कि अवैध हथियारों की खेप अटारी सेक्टर में गांव भैणी और नेश्टा क्षेत्र के पास ड्रोन के जरिए भेजी जा रही थी।
डीजीपी ने बताया कि अपने हैंडलरों के निर्देश पर काम करते हुए उक्त मुलजिम निर्धारित जगहों से खेपें प्राप्त करके इन्हें आगे अपने स्थानीय गुर्गों को सप्लाई करते थे। उन्होंने कहा कि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए इस मामले में आगे-पीछे के संबंधों की जांच की जा रही है।
पुलिस कमिश्नर (सीपी) अमृतसर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने कार्रवाई संबंधी विवरण साझा करते हुए कहा कि आरोपी गुरविंदर उर्फ गिंदर, जॉबनबीर उर्फ जॉबन और लवप्रीत उर्फ लव को छह पिस्तौलों सहित गिरफ्तार किया गया था।
उन्होंने कहा कि छापेमारी के दौरान उनका चौथा साथी मौके से भागने में कामयाब रहा, जिसके बाद पुलिस टीमों ने अपनी तलाश जारी रखी और तेजी से कार्रवाई करते हुए अगले दिन उक्त नाबालिग आरोपी को एक पिस्तौल सहित गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि गुरविंदर उर्फ गिंदर और लवप्रीत उर्फ लव के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। साथ ही नाबालिग आरोपी के खिलाफ अमृतसर देहाती के पुलिस थाना घरिंडा में असला एक्ट के तहत पहले भी एक आपराधिक मामला दर्ज है, जिसमें उसके पास से तीन पिस्तौल बरामद की गई थीं।
इस संबंध में पुलिस थाना छेहरटा, अमृतसर में असला एक्ट की धारा 25(8) के तहत एफआईआर नंबर 72 दिनांक 02-04-2026 दर्ज की गई है।

More Stories
गुरदासपुर में आईएसआई समर्थित बीकेआई आतंकी मॉड्यूल से जुड़े दो व्यक्ति गिरफ्तार; 5 हैंड ग्रेनेड, आईईडी सामग्री बरामद
पंजाब के आढ़तियों ने वापस ली हड़ताल, गेहूं की खरीद फिर शुरू
पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप योजना के तहत 245 करोड़ रुपये जारी, 2.45 लाख छात्रों को बड़ी राहत : डॉ. बलजीत कौर