March 29, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

अमृतसर में गोल्डी ढिल्लों मॉड्यूल से संबंधित दो आधुनिक सब-मशीन गन बरामद

Share news

जालंधर ब्रीज: पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने दो 9 एमएम सब-मशीन गन और एक खाली मैगजीन बरामद कर अवैध हथियार तस्करी की कोशिश को नाकाम कर दिया है। यह जानकारी आज यहां पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने दी।

बरामद किए गए हथियारों पर “गफार सिक्योरिटी” लिखा हुआ था।

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद खेप कुख्यात गैंगस्टर गुरप्रीत सिंह उर्फ गोल्डी ढिल्लों से संबंधित है। उन्होंने बताया कि ये हथियार उसके नेटवर्क द्वारा राज्य में देश विरोधी और आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने के लिए सप्लाई किए जा रहे थे।

डीजीपी ने कहा कि फरार आरोपियों की पहचान करने और पूरे नेटवर्क का खुलासा करने के लिए आगे की जांच जारी है।

इस ऑपरेशन के बारे में जानकारी देते हुए कमिश्नर ऑफ पुलिस (सीपी) अमृतसर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि विशेष खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने गुरु की वडाली, छेहरटा क्षेत्र में नाका लगाया और मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात युवकों को रोकने की कोशिश की। पुलिस को देखकर संदिग्ध युवक घबरा गए और भागने लगे। उन्होंने बताया कि भागते समय उनका एक किट बैग गिर गया।

सीपी ने बताया कि बरामद किट बैग की तलाशी लेने पर दो अवैध 9 एमएम सब-मशीन गन और एक खाली मैगजीन बरामद हुई।

उन्होंने बताया कि गैंगस्टर गुरप्रीत सिंह उर्फ गोल्डी ढिल्लों हत्या, डकैती, हत्या के प्रयास, अपहरण, दंगा, जबरन वसूली और अवैध हथियारों की सप्लाई सहित कई गंभीर अपराधों में शामिल है। पुलिस टीमों ने गुरप्रीत उर्फ गोल्डी ढिल्लों और उसके तीन साथियों को नामजद कर लिया है तथा फरार मोटरसाइकिल सवारों को पकड़ने के लिए छापेमारी जारी है।

इस संबंध में एफआईआर नंबर 66 दिनांक 29-03-2026 को अमृतसर के थाना छेहरटा में आर्म्स एक्ट की धारा 25 (आई-ए) के तहत दर्ज की गई है।


Share news