March 8, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

राजकुमार चौधरी और प्रिंस शर्मा के अर्धशतकों से आईटीसी इलेवन की शानदार जीत

Share news

जालंधर ब्रीज: डीडीसीए श्री फोर्ट स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए फ्रेंडशिप क्रिकेट टूर्नामेंट में आईटीसी इलेवन ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए फूड सेफ्टी स्टैंडर्ड अथॉरिटी ऑफ इंडिया की टीम को 8 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की।

पहले बल्लेबाज़ी करते हुए फूड सेफ्टी स्टैंडर्ड अथॉरिटी ऑफ इंडिया की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 159 रन बनाए। टीम की ओर से गौरव ने 34 रन, अनूप सिंह ने 31 रन और अजय राणा ने नाबाद 22 रन की पारी खेली। गेंदबाज़ी में पुलकित ने 2 विकेट 28 रन देकर तथा राजिंदर तिवारी ने 2 विकेट 32 रन देकर अहम योगदान दिया।

राजकुमार चौधरी

लक्ष्य का पीछा करते हुए आईटीसी इलेवन की टीम ने 14.3 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 162 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। टीम की जीत में राजकुमार चौधरी और प्रिंस शर्मा के शानदार अर्धशतकों की अहम भूमिका रही। राजकुमार चौधरी ने धुआंधार बल्लेबाज़ी करते हुए 31 गेंदों में 65 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 4 छक्के शामिल थे। वहीं प्रिंस शर्मा ने 22 गेंदों में 50 रन की तेज़तर्रार पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 4 छक्के लगाए। वीरेंद्र खन्ना 28 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि प्रतीक ढौंडियाल 2 रन बनाकर नॉट आउट रहे।

पराजित टीम की ओर से मनीष ने 20 रन बनाने के साथ 1 विकेट 11 रन देकर अच्छा प्रदर्शन किया। कप्तान यू.एस. ध्यानी ने 11 गेंदों में 11 रन बनाए, जबकि केशव ने 1 विकेट 10 रन देकर अच्छा प्रयास किया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।

शानदार बल्लेबाज़ी के लिए राजकुमार चौधरी को मैन ऑफ द मैच चुना गया, जबकि मनीष शर्मा को भी मैन ऑफ द मैच का सम्मान दिया गया। बेहतरीन गेंदबाज़ी के लिए राजिंदर तिवारी को बेस्ट बॉलर का अवॉर्ड प्रदान किया गया।

टूर्नामेंट के समापन अवसर पर पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया, जिसमें आईटीसी लिमिटेड के सीएमसी मेंबर एवं प्रेसिडेंट कॉर्पोरेट अफेयर्स अनिल राजपूत तथा एफएसएसएआई के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर यू.एस. ध्यानी ने खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।


Share news