February 18, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

जस्टिस मीनाक्षी आई. मेहता ने केंद्रीय जेल व ऑब्ज़र्वेशन होम का किया निरीक्षण

Share news

जालंधर ब्रीज: पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट की न्यायाधीश व सेशन डिवीजन की प्रशासनिक न्यायाधीश जस्टिस मीनाक्षी आई मेहता ने आज केंद्रीय जेल होशियारपुर एवं राम कॉलोनी कैंप स्थित ऑब्ज़र्वेशन/स्पेशल होम का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। इस अवसर पर उनके साथ जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजिंदर अग्रवाल, डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन व एस.एस.पी. संदीप कुमार मलिक सहित न्यायिक, सिविल प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

केंद्रीय जेल पहुंचने पर जस्टिस मेहता को पुलिस टुकड़ी की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके उपरांत उन्होंने जेल परिसर का बैरक-टू-बैरक निरीक्षण किया और सुरक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा कैदियों के रहने की व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने कैदियों की बैरक का विशेष निरीक्षण करते हुए उनसे बातचीत की तथा उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं और सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने जेल प्रशासन को निर्देश दिए कि कैदियों के मानवाधिकारों, स्वास्थ्य देखभाल, स्वच्छता और पुनर्वास संबंधी सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने यह भी कहा कि सुधारात्मक वातावरण सुनिश्चित करना न्याय प्रणाली का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

इसके बाद जस्टिस मेहता ने राम कॉलोनी कैंप स्थित ऑब्ज़र्वेशन/स्पेशल होम का दौरा किया, जहां बच्चों एवं किशोरों के पुनर्वास, शिक्षा एवं परामर्श संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि संस्थान में रह रहे बच्चों को सुरक्षित, संवेदनशील और सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराया जाए ताकि वे समाज की मुख्यधारा में पुनः सम्मिलित हो सकें।

दौरे के दौरान अधिकारियों ने संस्थानों की कार्यप्रणाली और सुविधाओं संबंधी जानकारी प्रस्तुत की। प्रशासनिक न्यायाधीश ने व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए आवश्यक सुधारों के लिए सुझाव भी दिए।

कैप्शन:

1.     केंद्रीय जेल होशियारपुर का दौरा करते पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट की न्यायाधीश व सेशन डिवीजन की प्रशासनिक न्यायाधीश जस्टिस मीनाक्षी आई मेहता।

2,3,4. ऑब्ज़र्वेशन होम/स्पेशल होम होशियारपुर का दौरा करते पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट की न्यायाधीश व सेशन डिवीजन की प्रशासनिक न्यायाधीश जस्टिस मीनाक्षी आई मेहता।


Share news