September 28, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

कैबिनेट मंत्री ने ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ मुहिम के तहत बी.एम.सी. चौक पर बॉक्स क्रिकेट का किया उद्घाटन

Share news

जालंधर ब्रीज: पंजाब के कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने पंजाब सरकार की महत्वपूर्ण मुहिम ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ के तहत मील का पत्थर स्थापित करते हुए शहर के प्रमुख बी.एम.सी. चौक पर बनाए गए बॉक्स क्रिकेट का उद्घाटन किया।

जालंधर प्रशासन द्वारा अनोखी पहल करते हुए युवाओं की अथाह ऊर्जा को खेल और अन्य सकारात्मक गतिविधियों में लगाने के लिए बी.एम.सी. चौक के अंडर ब्रिज को एक विशिष्ट क्रिकेट बॉक्स ग्राउंड में बदल दिया गया है। डिप्टी कमिश्नर डा. हिमांशु अग्रवाल, सीनियर आप नेता नितिन कोहली के साथ कैबिनेट मंत्री ने कहा कि यह प्रोजेक्ट मुख्यमंत्री पंजाब स.भगवंत सिंह मान द्वारा राज्य की भलाई और खेल संस्कृति को और अधिक प्रफुल्लित करने के दृष्टिकोण का हिस्सा है, जिससे युवा पीढ़ी को रचनात्मक गतिविधियों में शामिल किया जा सकेगा।

इस मौके पर बोलते हुए कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने प्रशासन द्वारा किए प्रयासों की भरपूर सराहना करते हुए कहा कि यह नई सुविधा जहां शारीरिक तंदुरुस्ती को प्रोत्साहित करेगी, वहीं युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़कर नशे से दूर रखने में भी सहायक भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में ऐसे और प्रोजेक्ट शहर में लाए जाएंगे। उन्होंने समाज से नशे की लानत को खत्म करने के लिए पंजाब सरकार की प्रतिबद्धता को भी दोहराया। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए ऐसे क्रांतिकारी उपायों के लिए फंडों की कोई कमी नहीं है।

डिप्टी कमिश्नर डा. हिमांशु अग्रवाल, जिन्होंने पूरे प्रोजेक्ट की निगरानी की, ने कहा कि बॉक्स क्रिकेट की सुविधा विद्यार्थियों, दफ्तर जाने वालों और स्थानीय निवासियों को फुर्सत के समय खेल की सुविधा उपलब्ध करवाएगी। उन्होंने बताया कि शाम के मैचों के लिए रोशनी आदि के पुख्ता प्रबंध किए गए है।

इस मौके पर आम आदमी पार्टी के सीनियर नेता नितिन कोहली द्वारा इस प्रयास को ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ मुहिम के तहत मील का पत्थर करार दिया गया। उन्होंने बताया कि ऐसे क्रांतिकारी उपाय से शहरी क्षेत्रों में खेलों को और अधिक प्रफुल्लित करने के शानदार नतीजे सामने आएंगे।

जिक्रयोग्य है कि बॉक्स क्रिकेट ने शहरी क्षेत्र में बड़े पैमाने पर लोकप्रियता हासिल की हुई है। अपनी किस्म की यह पहली सुविधा शुरू करने से जालंधर जमीनी स्तर पर खेल संस्कृति को और अधिक उत्साहित करने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।


Share news

You may have missed