May 27, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

विकसित भारत युवा कनेक्ट ने 50-कैंपस की उपलब्‍धि प्राप्‍त की, देशभर के छात्रों को प्रेरणा दी

Share news

जालंधर ब्रीज: युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय के अंतर्गत आयोजित विकसित भारत युवा कनेक्ट पहल ने देशभर के 75 शैक्षणिक संस्थानों में से दो-तिहाई स्थानों पर अपने सफल सत्र पूरे कर लिए हैं। यह विशेष पहल प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे राष्ट्रव्यापी सेवा पखवाड़ा (17 सितम्बर से 2 अक्टूबर 2025) का हिस्सा है। इस कार्यक्रम का आयोजन 75 विश्वविद्यालयों में किया जा रहा है, जिनका चयन प्रधानमंत्री के जीवन और उपलब्धियों से जुड़े होने के आधार पर किया गया है। ग्रामीण, शहरी और आदिवासी शैक्षणिक संस्थानों को सम्मिलित कर इसमें व्यापक और समावेशी भागीदारी सुनिश्चित की गई है।

इस कार्यक्रम में राज्य स्तरीय विकसित भारत युवा नेता संवाद (VBYLD) 2025 के चैंपियन, विकसित भारत युवा संसद के विजेता, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) पुरस्कार विजेता और राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता जैसे 75 युवा आइकन शामिल हैं, जो अपने-अपने विश्वविद्यालयों में सत्रों का नेतृत्व कर रहे हैं। चयनित संस्थानों में आयोजित प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 11 वर्षों की भारत की विकास गाथा और उपलब्धियों को साझा किया जा रहा है तथा विकसित भारत@2047 के विजन पर चर्चा हो रही है। इसी क्रम में “युवा संवाद” सत्र भी आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें 15 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवा सीधे नीति निर्माताओं, जन प्रतिनिधियों और युवा नेताओं से संवाद कर अपने प्रश्न और सुझाव साझा कर रहे हैं।

इस पहल का उद्देश्य युवाओं को सशक्त बनाना, उन्हें राष्ट्र के विकास के रोडमैप से जोड़ना और भारत की प्रगति यात्रा से परिचित कराना है ताकि वे 2047 तक आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान दे सकें। जिन प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों में यह सत्र आयोजित हुए हैं, उनमें गुजरात का बिरसा मुंडा जनजातीय विश्वविद्यालय, पश्चिम बंगाल का स्वामी विवेकानंद विश्वविद्यालय, तमिलनाडु का भारतीय समुद्री विश्वविद्यालय, मणिपुर का धनमंजुरी विश्वविद्यालय, लद्दाख के कारगिल का सरकारी डिग्री कॉलेज और राजस्थान के अजमेर का सोफिया गर्ल्स कॉलेज शामिल हैं।


Share news

You may have missed