केंद्र इस कठिन समय में पंजाब के लोगों के साथ खड़ा रहने के लिए प्रतिबद्ध: डॉ. पेमसानी
जालंधर ब्रीज: केंद्रीय संचार एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री डॉ. चंद्रशेखर पेमसानी ने बाढ़ प्रभावित इलाकों की स्थिति का जायजा लेने के लिए पंजाब का दो दिवसीय दौरा (15-16 सितंबर) किया। अपने दौरे के दूसरे दिन, डॉ. पेमसानी ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कपूरथला जिले में बाढ़ की स्थिति और राहत कार्यों की विस्तृत समीक्षा की, जिसमें सुल्तानपुर लोधी पर विशेष ध्यान दिया गया। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि किसी भी शिकायत को अनसुना नहीं किया जाना चाहिए और प्रभावित परिवारों को पूर्ण सहायता का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि भारत सरकार पंजाब में राहत और पुनर्वास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। उन्होंने चक पट्टी, बाऊपुर और सुल्तानपुर लोधी के निकटवर्ती गाँवों सहित कई बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया और लोगों को राहत एवं पुनर्वास कार्यों में केंद्र सरकार के निरंतर सहयोग का आश्वासन दिया।

डॉ. चंद्रशेखर ने फसलों को हुए व्यापक नुकसान पर दुख व्यक्त किया और इस बात पर ज़ोर दिया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की सरकार पंजाब के लोगों के साथ पूरी तरह खड़ी है। उन्होंने बताया कि राज्य के लिए ₹12,000 करोड़ का आपदा राहत कोष पहले से ही उपलब्ध है और ₹1,600 करोड़ की अतिरिक्त राशि भी स्वीकृत की गई है।
मंत्री ने आगे कहा कि बाढ़ से प्रभावित 455 दूरसंचार टावरों में से 99 प्रतिशत को 10 सितंबर तक बहाल कर दिया गया था, जिससे निर्बाध कनेक्टिविटी सुनिश्चित हुई। डाक विभाग प्रभावित क्षेत्रों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण और धन वितरण की सुविधा प्रदान कर रहा है।

एक चिकित्सा पेशेवर के रूप में, उन्होंने बाढ़ के बाद दस्त और संक्रामक रोगों जैसी स्वास्थ्य चुनौतियों के बारे में भी चेतावनी दी और तत्काल निवारक उपायों पर ज़ोर दिया। उन्होंने कृषि गतिविधियों को फिर से शुरू करने के लिए खेतों से मिट्टी साफ करने की आवश्यकता पर बल दिया।

मंत्री ने कहा कि केंद्र इस कठिन समय में पंजाब के लोगों के साथ खड़ा रहने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि जब कोई राज्य संकट में हो, तो दिल्ली हाथ पर हाथ धरे न बैठे। केंद्रीय मंत्री लगातार बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर रहे हैं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि हर समुदाय तक राहत पहुँचे।


More Stories
पंजाब में चालू खरीफ सीजन के लिए यूरिया की कोई किल्लत नहीं; मांग के मुकाबले 10.71 लाख मीट्रिक टन की रिकॉर्ड उपलब्धता सुनिश्चित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबसे लंबे निरंतर प्रधानमंत्री कार्यकाल पर गुरुद्वारा साहिब लुधियाना में अरदास
एम्स गुवाहाटी के अध्यक्ष ने त्रिपुरा के राज्यपाल से की भेंट; भविष्य के चिकित्सकों को सड़क सुरक्षा और राष्ट्र निर्माण पर किया संबोधित