August 25, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

सतगुरु ज्ञान गिरी महाराज जी के समागम संबंधी निकाली जाने वाली शोभायात्रा के लिए उचित प्रबंध हो सुनिश्चित: मोहिंदर भगत

Share news

जालंधर ब्रीज: पंजाब के बागवानी, स्वतंत्रता सेनानी और रक्षा सेवाएं कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने अधिकारियों को 14 जून को सतगुरु ज्ञान गिरी महाराज जी के आयोजन के संबंध में निकाली जाने वाली शोभायात्रा के लिए उचित प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है।

स्थानीय सर्किट हाउस में कैबिनेट मंत्री द्वारा आयोजित बैठक में एस.डी.एम. शायरी मल्होत्रा, गौ सेवा आयोग के पूर्व चेयरमैन प्रेम भगत, सतगुरु ज्ञान गिरी महाराज मुख्य मंदिर भार्गव नगर के अध्यक्ष सुखजीत सिंह, पदाधिकारी, सिविल और पुलिस प्रशासन के अधिकारी शामिल हुए।

बैठक के दौरान भगत ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शोभायात्रा के दौरान उचित प्रबंध करने के लिए विस्तृत निर्देश दिए। कैबिनेट मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को सभी प्रबंधों की व्यक्तिगत निगरानी सुनिश्चित करने के लिए कहा ताकि शोभायात्रा को उचित ढंग से चलाया जा सके। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि शोभायात्रा में भाग लेने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुरुष पुलिस कर्मियों के अलावा महिला पुलिस कर्मियों को भी शोभायात्रा के दौरान तैनात किया जाए।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि शोभायात्रा के दिन शहर में ट्रैफिक सिस्टम सुचारू रखने के लिए उचित प्रबंध किए जाएं। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को लोगों की सुविधा के लिए रूट प्लान तैयार करने को भी कहा ताकि सड़कों पर आने-जाने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। कैबिनेट मंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि शोभायात्रा के मार्ग पर सफाई, पेयजल, पार्किंग, मेडिकल टीम, एंबुलेंस और दवाइयों सहित सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं।

भगत ने कहा कि सौंपी गई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और आपसी समन्वय के साथ निभाया जाए। उन्होंने कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर सिविल और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के अलावा विभिन्न धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी भी मौजूद थे।


Share news

You may have missed