जालंधर ब्रीज: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा शुरू किए गए “युद्ध नशों विरुद्ध” मुहिम को लगातार 28वें दिन भी जारी रखते हुए, पंजाब पुलिस ने आज 463 स्थानों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान राज्यभर में 33 एफआईआर दर्ज कर 56 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया। इस तरह, 28 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या 4274 हो गई है।
पुलिस टीमों ने गिरफ्तार नशा तस्करों के कब्जे से 1.6 किलोग्राम हेरोइन, 3046 नशीली गोलियां/कैप्सूल और 62940 रुपये की ड्रग मनी बरामद की है।
यह ऑपरेशन पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव के निर्देशानुसार राज्य के सभी 28 पुलिस जिलों में एक साथ चलाया गया।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पुलिस आयुक्तों, उपायुक्तों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को पंजाब को नशा मुक्त राज्य बनाने के निर्देश दिए हैं। पंजाब सरकार ने नशे के खिलाफ जंग की निगरानी के लिए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा की अध्यक्षता में 5 सदस्यीय कैबिनेट सब-कमेटी का भी गठन किया है।
इस ऑपरेशन के बारे में जानकारी देते हुए स्पेशल डीजीपी (कानून और व्यवस्था) अर्पित शुक्ला ने बताया कि 92 गजटेड अधिकारियों की निगरानी में 1200 से अधिक पुलिसकर्मियों वाली 200 से अधिक पुलिस टीमों ने राज्यभर में छापेमारी की। उन्होंने आगे बताया कि दिनभर चले इस ऑपरेशन के दौरान पुलिस टीमों ने 492 संदिग्ध व्यक्तियों की भी जांच की।
उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस द्वारा व्यापक रणनीति तैयार की गई है और ऐसे ऑपरेशन राज्य से नशे के पूर्ण खात्मे तक जारी रहेंगे।
स्पेशल डीजीपी ने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा राज्य में नशे के खात्मे के लिए त्रिस्तरीय रणनीति – प्रवर्तन (इंफोर्समेंट), नशामुक्ति (डी-एडिक्शन) और रोकथाम (प्रिवेंशन) – लागू की गई है। पंजाब पुलिस द्वारा इस रणनीति के ‘नशामुक्ति’ भाग के तहत 9 व्यक्तियों को नशा छुड़ाने और पुनर्वास उपचार के लिए प्रेरित किया गया, जबकि ‘रोकथाम’ भाग के तहत आज राज्यभर में 114 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

More Stories
मेहरचंद पॉलिटेक्निक में नेत्रहीन विद्यार्थियों के लिए कंप्यूटर लैब स्थापित
विकसित भारत’ के सपने और उच्च नैतिकता का एक उत्कृष्ट संगम ‘मिज़ोरम’
गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय कार्यक्रम में प्रो. डॉ. संजय अध्यक्ष, एम्स गुवाहाटी का संबोधन