
जालंधर ब्रीज: सीमा सुरक्षा बल की पश्चिमी कमान ने राष्ट्रीय औषधीय शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान, मोहाली के कैम्पस में सीमा सुरक्षा बल कर्मियों को उनकी सराहनीय सेवा हेतु पुलिस पदक से सम्मानित करने के लिए पदक अलंकरण समारोह का आयोजन किया।
इस अवसर पर पंजाब के माननीय राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया मुख्य अतिथि के रूप में और ट्राइसिटी मोहाली, चण्डीगढ, पंचकुला में पदस्थ / कार्यरत सिविल एवं पुलिस प्रशासन के अन्य विशिष्ट गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। समारोह आयोजन के दौरान, कुल 37 कार्यरत एवं सेवानिवृत्त अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों और जवानों को सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक से सम्मानित किया गया। समारोह में उपस्थित मुख्य अतिथि और अन्य गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत करते हुए, श्री सतीश एस खण्डारे, भा०पु०से०, अपर महानिदेशक, सीमा सुरक्षा बल, पश्चिमी कमान ने दर्शकों को सीमा सुरक्षा बल के गौरवशाली अतीत के बारे में अवगत कराया और उन शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की, जिन्होंने देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।
सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक उन केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल और राज्य पुलिस के कर्मियों को प्रदान किया जाता है, जिन्होंने 18 से अधिक वर्षों की सराहनीयएवं उत्कृष्ट सेवाएं देश को समर्पित की हैं। यह तीसरा अवसर है, जब यह समारोह द सिटी ब्यूटीफुल ‘चण्डीगढ’ में माननीय राज्यपाल पंजाब एवं प्रशासक चण्डीगढ की अध्यक्षता में आयोजित किया गया।
दर्शकों को संबोधित करते हुए पंजाब के माननीय राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक श्री गुलाब चंद कटारिया जी ने शांति और युद्ध काल के दौरान भारत-पाक और भारत-बांग्लादेश सीमा को प्रभावी ढंग से सुरक्षित रखने में बीएसएफ अधिकारियों और कर्मियों के योगदान की सराहना की। इसके अलावा संसदीय और विधानसभा चुनावों के दौरान नागरिक प्रशासन की सहायता एवं उग्रवाद विरोधी कार्यवाही के दौरान राज्य सरकारों की कानून और व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने में भी बल के योगदान की खूब प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि बीएसएफ न केवल देश की सीमाओं की ही रक्षा करती है बल्कि देश की आंतरिक सुरक्षा को भी बनाए रखने में पूर्णतह सक्षम है।
समारोह के अंत में मुख्य अतिथि ने सभी पदक प्राप्तकर्ताओं को बधाई देते हुए उन्हें और उनके परिवारों को शुभकामनाएं दीं।
More Stories
अपराध रोकने संबधी पहलों को और मज़बूत करने और नागरिकों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के लिए कमिश्नरेट पुलिस गंभीर
अंगदान समारोह: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने हवलदार नरेश और उनके परिवार को उनके ब्रेन डेड बेटे के अंगदान के नेक कार्य के लिए सम्मानित किया
पंजाब मे 2027 को भाजपा की सरकार बनती और बढ़ती लोकप्रियता देख आप भगवंत मान सरकार बौखलाई-के.डी भंडारी