February 26, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

आर.टी.ए. कार्यालय के दो कर्मचारी 5500 रुपये रिश्वत लेते हुए विजिलेंस ब्यूरो द्वारा काबू

Share news

जालंधर ब्रीज: राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने आज पठानकोट में रजिस्ट्रेशन और ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी (आर.टी.ए.) कार्यालय में तैनात डाटा एंट्री ऑपरेटर जतिंदर कुमार और मुकेश को 5500 रुपये रिश्वत लेते हुए काबू किया है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए आज यहां राज्य विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि उक्त आरोपियों को सुरजीत कुमार निवासी गांव मनवाल, जिला पठानकोट की दर्ज करवाई शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता ने विजिलेंस ब्यूरो से संपर्क कर आरोप लगाया था कि उक्त आरोपियों ने उसकी हिमाचल प्रदेश नंबर की गाड़ी को पंजाब रजिस्ट्रेशन नंबर में बदलने के बदले 5500 रुपये रिश्वत की मांग की थी।

प्रवक्ता ने आगे बताया कि इस शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद, विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने जाल बिछाकर दोनों आरोपियों को सरकारी गवाहों की मौजूदगी में शिकायतकर्ता से 5500 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों काबू किया।

उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत विजिलेंस ब्यूरो थाना, अमृतसर रेंज में मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को कल अदालत में पेश किया जाएगा और मामले की आगे की जांच जारी है।


Share news