June 14, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

जिला प्रशासकीय कांप्लेक्स में अधिकारियों व कर्मचारियों को ईमानदारी से कर्तव्य निभाने की दिलाई शपथ

Share news

जालंधर ब्रीज: जिला विजिलेंस ब्यूरो की ओर से 28 अक्टूबर से 3 नवंबर 2024 तक विजिलेंस जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है। इस वर्ष का थीम ‘राष्ट्र की समृद्धि के लिए ईमानदारी की संस्कृति’ रखा गया है। इसी कड़ी में आज जिला प्रशासकीय कांप्लेक्स में डी.एस.पी विजिलेंस मनीश कुमार की ओर से सभी सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को ईमानदारी से कर्तव्यों का निर्वहन करने की शपथ दिलाई। इस आयोजन में विजिलेंस विभाग के कर्मचारियों के अलावा विभिन्न विभागों के कर्मचारी और स्कूलों के विद्यार्थियों ने ऑनलाइन भाग लिया।

डी.एस.पी मनीश कुमार ने अपने संबोधन में भ्रष्टाचार के विरुद्ध सभी को जागरूक रहने और इसके उन्मूलन के लिए सतर्कता बरतने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि भ्रष्टाचार उन्मूलन के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु आने वाले दिनों में विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों में जाकर विद्यार्थियों और स्टाफ के लिए विशेष सेमिनार आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत सभी को समाज और सरकारी तंत्र में फैले भ्रष्टाचार के खिलाफ एकजुट होकर कार्य करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

विजिलेंस जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत आज वुडलैंड ओवरसीज स्कूल में एक सेमिनार का आयोजन किया गया। इस मौके पर डी.एस.पी मनीश कुमार के साथ स्कूल के मैनेजिंग ट्रस्टी मंदीप सिंह गिल, प्रिंसिपल पूजा धीमान और लगभग 250 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस सत्र में विद्यार्थियों ने ‘राष्ट्र की समृद्धि के लिए ईमानदारी की संस्कृति’ विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए और भ्रष्टाचार रोकने की शपथ ली।

डी.एस.पी मनीश कुमार ने इस अवसर पर जानकारी दी कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है, तो नागरिक विजिलेंस ब्यूरो को इस बारे में सूचित कर सकते हैं। विजिलेंस ब्यूरो के टोल-फ्री नंबर 1800-1800-1000, एंटी करप्शन एक्शन लाइन नंबर 95012-00200 और वेबसाइट www.vigilancebureau.punjab.gov.in पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

समारोह के अंत में मनीश कुमार ने उपस्थिती का आभार व्यक्त किया और समाज में भ्रष्टाचार के खिलाफ एकजुट होकर विजिलेंस ब्यूरो का सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि ‘राष्ट्र की समृद्धि के लिए ईमानदारी की संस्कृति’ थीम के माध्यम से हम सभी को भ्रष्टाचार मुक्त भारत के निर्माण में योगदान देने की दिशा में संकल्पित होना चाहिए।


Share news

You may have missed