जालंधर ब्रीज: हरियाणा के नूह (मेवात ) में ब्रजमंडल शोभा यात्रा के दौरान हुई हिंसा व आगजनी आदि घटना के बाद स्थिति नियंत्रण है। भारत सरकार के गृह मंत्रालय के आदेशानुसार केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल एवं रैपिड एक्शन फोर्स की कंपनियों को हिंसा प्रभावित क्षेत्रों में तैनात किया गया है, जिसमें महिला अधिकारी एवं जवान भी शामिल हैं। गृह मंत्रालय व केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल मुख्यालय से आदेश प्राप्त होते ही केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के पश्चिमोत्तर सेक्टर चंडीगढ़ में पदस्थ महानिरीक्षक जसबीर सिंह संधू ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नूंह जिले में आरएएफ और सीआरपीएफ की कंपनियों को भेजकर जिला प्रशासन के सहयोग से तैनाती करवाई।

जसबीर सिंह संधू ने नूह, पलवल व होडल आदि क्षेत्रों में तैनात कंपनियों का दौरा किया। उन्होंने अधिकारियों से बैठक कर स्थिति की समीक्षा की और स्थिति को नियंत्रण में बनाये रखने का निर्देश दिया। जसबीर सिंह संधू ने सभी कंपनी कमाण्डरों व जवानों से व्यक्तिगत तौर पर भी मुलाकात की और जवानों को ब्रीफ किया।

उन्होंने मौके पर तैनात जवानों का हौसला बढ़ाया तथा हिंसा को शीघ्र काबू में करने पर उन्हें शाबाशी दी। महानिरीक्षक ने उनके ठहरने व खानपान आदि व्यवस्था का भी जायजा लिया । उन्होंने जमीनी स्तर पर दंगा प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण किया। सीआरपीएफ के महानिरीक्षक जसबीर सिंह संधू ने बताया कि अब स्थिति नियंत्रण में है। आरएएफ और सीआरपीएफ ने मोर्चा संभालकर स्थिति पर काबू पा लिया है।

रेंज मुख्यालय सोनीपत के डीआईजी महेन्द्र कुमार नूंह व पलवल में कैम्पिंग कर रहे हैं तथा आरएएफ और सीआरपीएफ की कंपनियों की तैनाती पर निगरानी बनाए रखी है। डीआईजी महेन्द्र कुमार ने नूंह, पलवल व होडल में तैनात कंपनियों का मार्च करवाया ।


More Stories
पंजाब सरकार ने 2.45 लाख आश्रित एवं अनाथ बच्चों के सुनहरे भविष्य के लिए 181.23 करोड़ रुपये जारी किए: डॉ. बलजीत कौर
गोल्डन एज सीनियर सिटीजन एसोसिएशन के उद्घाटन समारोह में सांस्कृतिक रंग और स्वास्थ्य जागरूकता की झलक
पीएसपीसीएल द्वारा बिजली बिलों से संबंधित शिकायतों के लिए 24×7 समर्पित हेल्पलाइन नंबर +91 1613105055 और +91 1616650355 जारी