March 21, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

आम आदमी पार्टी ने दिल्ली और पंजाब में बिजली मुफ्त किए, मोहल्ला क्लीनिक बनाए, एक मौका दें, यहां भी ये सब करेंगे – मान

Share news

जालंधर ब्रीज: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दावा किया कि गुजरात में हर जगह परिवर्तन की लहर चल रही है। नौजवान-किसान, महिलाएं और कर्मचारी वर्ग सभी भाजपा सरकार से बेहद नाराज हैं। सभी वर्ग के लोग इस बार गुजरात में परिवर्तन चाह रहे हैं। 

मान ने कहा कि गुजरात के लोगों को इस बार भाजपा की डबल इंजन वाली सरकार की नहीं आम आदमी पार्टी की नई इंजन वाली सरकार चाहिए। भाजपा के दोनों इंजन अब पुरानी हो चुके हैं। भाजपा के इंजन में भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी की गंदगी भर चुकी है।

सोमवार को भगवंत मान चुनाव प्रचार के लिए वडोदरा पहुंचे थे। यहां उन्होंने बालासिनोर लुनावाडा और दाकोर के विभिन्न क्षेत्रों में आप उम्मीदवारों के पक्ष में रोड शो किया और लोगों से आम आदमी पार्टी की सरकार बनाने की अपील की।

रोड शो के दौरान लोगों की भारी भीड़ को संबोधित करते हुए मान ने कहा कि चुनाव में सिर्फ दो दिन बाकी है। अब भाजपा वाले आपको पैसे का लोभ लालच देंगे, लेकिन इस बार उनके चक्कर में फंसना नहीं है। इस बार अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए वोट करना है। 

मान ने कहा कि भाजपा की महंगाई और बेरोजगारी की चक्की में आम लोग पीस रहे हैं। लोगों के पास पहले अच्छे विकल्प नहीं थे इसलिए उन्हें लगातार 27 साल से भाजपा का कुशासन झेलना पड़ रहा था। इस बार आम आदमी पार्टी के रूप में आम लोगों को एक अच्छा विकल्प मिल गया है। इसलिए इस बार सभी वर्ग के लोग भाजपा से छुटकारा चाह रहे हैं।

मान ने नौजवानों के उत्साह की तारीफ की और कहा कि इस पीढ़ी का नाम गुजरात के इतिहास में लिखा जाएगा। हर जगह नौजवानों ने ही हमेशा सत्ता का तख्तापलट किया है। इस बार गुजरात के नौजवान भाजपा को सत्ता से बेदखल करेंगे और लोगों को भ्रष्टाचार, महंगाई बेरोजगारी और कुशासन से मुक्ति दिलाएंगे।

मान ने पंजाब और दिल्ली की ‘आप’ सरकार का जिक्र किया और कहा कि हमने पंजाब और दिल्ली में आम लोगों के लिए बिजली मुफ्त की। बेहतर इलाज के लिए जगह-जगह मोहल्ला क्लीनिक खोले। पंजाब में हमने सरकार बनने के मात्र 6 महीने के भीतर 20,000 से ज्यादा नौजवानों को सरकारी नौकरी दी और करीब 10,000 कच्चे कर्मचारियों की नौकरी पक्की कर दी। गुजरात में भी आम आदमी पार्टी को एक मौका दें हम यहां भी ये सब करके दिखाएंगे।


Share news