जालंधर ब्रीज: नैक से ‘ए’ ग्रेड मान्यता प्राप्त और एनआईआरएफ इंडिया 2021 रैंकिंग में 84वां स्थान प्राप्त करने वाले पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय, बठिंडा (सीयूपीबी) में संयुक्त विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा “सीयूईटी (पीजी) – 2022” के माध्यम से 44 स्नातकोत्तर कार्यक्रमों और 7 अल्पकालीन पाठ्यक्रमों के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। शैक्षणिक सत्र 2022-23 में विश्वविद्यालय द्वारा 44 पीजी कार्यक्रमों में 1381 सीटों और 7 अल्पकालिक पाठ्यक्रमों में 105 सेटों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं, जिसके लिए अभ्यर्थी “सीयूईटी (पीजी) – 2022” की वेबसाइट पर जाकर 18 जून 2022 तक उपरोक्त कार्यक्रमों / पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण और आवेदन पत्र जमा कर सकते है।
शैक्षणिक सत्र 2022-23 में राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) को देश के 42 केंद्रीय विश्वविद्यालयों और अन्य प्रतिभागी विश्वविद्यालयों के स्नातकोत्तर कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए संयुक्त विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा (सीयूईटी (पीजी) – 2022) आयोजित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सीयूईटी (पीजी) – 2022 छात्रों को पंजाब केन्द्रीय विश्वविद्यालय और देश के अन्य प्रतिभागी विश्वविद्यालयों में प्रवेश हेतु आवेदन करने के लिए एकल माध्यम द्वारा अवसर प्रदान करेगी।
सीयूपीबी के कुलपति प्रो. राघवेन्द्र प्रसाद तिवारी ने कहा कि विश्वविद्यालय भारत के 27 से अधिक राज्यों और अन्य देशों से यहाँ अध्ययन कर रहे छात्रों को वैश्विक बौद्धिक नागरिक बनाने हेतु व्यापक विषयों में समग्र एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले सभी पीजी कार्यक्रम और अल्पकालिक पाठ्यक्रम उद्योग की आवश्यकताओं अनुरूप शिक्षार्थियों के कौशल विकास पर केंद्रित हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब और अन्य राज्यों के छात्र सीयूपीबी में न्यूनतम शुल्क में गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर प्राप्त कर सकते हैं और इसके लिए उन्हें सीयूसीईटी (पीजी) 2022 परीक्षा के लिए पंजीकरण करना होगा। प्रो. तिवारी ने छात्रों को आवेदन करने से पहले विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.cup.edu.in पर उपलब्ध विभिन्न स्नातकोत्तर कार्यक्रमों और अल्पकालिक पाठ्यक्रमों में आवंटित सीटों की संख्या और उनकी पात्रता मानदंड देखने की सलाह दी।
विश्वविद्यालय की प्रवेश शाखा के अनुसार जो अभ्यर्थी सीयूईटी (पीजी) -2022 परीक्षा के माध्यम से सीयूपीबी के पीजी कार्यक्रमों और अल्पकालिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु आवेदन करने के इच्छुक हैं, वे एनटीए वेबसाइट https://cuet.nta.nic.in/ पर 18 जून, 2022 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
अपनी विज़न और मिशन को साकार करने हेतु विश्वविद्यालय 44 स्नातकोत्तर डिग्री कार्यक्रमों के साथ विभिन्न शैक्षणिक विषयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करता है, जिसमें कंप्यूटर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी; साइबर सुरक्षा; गणित; सांख्यिकी; भौतिकी; रसायन विज्ञान; अनुप्रयुक्त रसायन विज्ञान; थ्योरेटिकल एवं कम्प्यूटेशनल रसायन विज्ञान; बायोइन्फार्मेटिक्स; कम्प्यूटेशनल भौतिकी; वनस्पति विज्ञान; प्राणी विज्ञान; जैवरसायन विज्ञान; सूक्ष्मजीव विज्ञान; भूविज्ञान; पर्यावरण विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी; खाद्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी; औषधीय रसायन विज्ञान; मॉलिक्युलर मेडिसिन; मानव अनुवांशिकी; भेषज रसायन विज्ञान; फार्माकोग्नोज़ी; फार्माकोलॉजी; अर्थशास्त्र; समाजशास्त्र; इतिहास; मनोविज्ञान; अंग्रेजी; हिंदी; पंजाबी; राजनीति विज्ञान; राजनीति एवं अंतरराष्ट्रीय संबंध; शिक्षा; पत्रकारिता एवं जनसंचार; भूगोल; कृषिव्यवसाय; शारीरिक शिक्षा; पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान; परफॉर्मिंग आर्ट्स – थिएटर; संगीत; फाइन आर्ट्स (पेंटिंग); विधि और वाणिज्य विषय शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त विश्वविद्यालय शैक्षणिक सत्र 2022-23 से पंजाबी अनुवाद; न्यूरल नेटवर्क्स एंड डीप लर्निंग; फ्रेंच; कम्प्यूटेशनल लिंग्विस्टिक्स; भूसूचनाविज्ञान; डाटा साइंस फॉर बायोइन्फरमेटिक्स; तथा हिंदी अनुवाद जैसे विषयों में 3 पीजी डिप्लोमा और 4 सर्टिफिकेट कोर्स प्रदान कर रहा है।



More Stories
पूर्व-सैनिकों के लिए डीजीआर द्वारा विशेष जॉब फेयर का आयोजन
एम्स गुवाहाटी अध्यक्ष प्रो.डॉ. बी. के. एस. संजय ने स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने हेतु आउटरीच केंद्रों का किया दौरा
विकसित भारत के सपने में हकीकत के रंग भरता ‘गुजरात’