April 23, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

बाबा साहेब के बनाए संविधान की धज्जियां उड़ा रही है केंद्र सरकार: मालविंदर सिंह कंग

Share news

जालंधर ब्रीज: आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब ने पंजाब पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए भाजपा नेता तेजिंदरपाल सिंह बग्गा को नियमों को ताक पर रखकर छुड़ाने और राज्य में हिंसा भडक़ाने के लिए भारतीय जनता पार्टी को जिम्मेदार ठहराया है।  पार्टी  के मुख्य प्रवक्ता मालविंदर सिंह कंग ने कहा कि भाजपा पंजाब में सांप्रदायिक हिंसा फैलाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने केंद्र में मोदी सरकार पर आरोप लगाते कहा कि भाजपा बाबा साहेब डा. भीमराव अंबेडकर के बनाए संविधान की जमकर धज्जियां उड़ा रही है।

शनिवार को पार्टी मुख्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए कंग ने कहा कि पंजाब,हरियाणा और दिल्ली पुलिस के बीच हुई तनातनी ने नफरत फैलाने वाले तजिंदर पाल सिंह बग्गा जैसे असामाजिक तत्वों को संरक्षण देने वाली भाजपा का असली चेहरा देश के सामने  बेनकाब कर दिया है। उन्होंने ने कहा कि भाजपा का ऐसे अपराधी की रक्षा करना बेहद ही शर्मनाक है।

कंग ने कहा कि बग्गा के खिलाफ पहले से ही देश के कई राज्यों में अभद्र भाषा, दंगे भडक़ाने और लोगों की धार्मिक भावनाओं को आहत करने जैसे कई मामले दर्ज हैं। पंजाब में भी उनके खिलाफ विधानसभा चुनाव के दौरान सांप्रदायिक हिंसा  फैलाने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई थी। 
कंग ने कहा कि बग्गा की गिरफ्तारी को लेकर पंजाब पुलिस ने नियम के अनुसार पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया है।  पंजाब पुलिस ने बग्गा के घर 5 बार नोटिस भेजा था। जब बग्गा द्वारा भेजे गए पांचों नोटिस में किसी भी नोटिस का जवाब नहीं दिया तो पंजाब पुलिस ने बग्गा को गिरफ्तार करने का कदम उठाया। 

उन्होंने गृहमंत्री अमित शाह पर भी आरोप लगाते कहा कि भाजपा पुलिस और प्रशासन दोनों को अपने इशारे पर नचा रही है। गृहमंत्री के कहने पर ही दिल्ली और हरियाणा पुलिस बग्गा को जबरन पंजाब पुलिस की गिरफत से छुड़ाकर ले गई। इतना ही नहीं स्थानीय पुलिस को सूचना देने गए पंजाब पुलिस के एक अधिकारी को भी दिल्ली के जनकपुरी पुलिस थाने में हिरासत में लिया गया। खट्टर सरकार और हरियाणा पुलिस ने भी पंजाब पुलिस के कामकाज में असंवैधानिक रूप से हस्तक्षेप किया।  आप नेता ने कहा कि मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने और भाजपा को सबक सिखाने के लिए हमने माननीय उच्च न्यायालय में याचिका दायर की है। हमें न्यायपालिका पर पूरा विश्वास है।

कंग ने कहा कि इस घटना में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि आज कांग्रेस उसी तेजिंदर बग्गा का साथ दे रही है, जिसने पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को ‘बार डांसर’ कहकर संबोधित किया था। इससे साबित होता है कि कांग्रेस और भाजपा दोनों एक ही सिक्के के दो पहलू हैं।


Share news