जालंधर ब्रीज: आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब ने कांग्रेस नेता और प्रसिद्ध पंजाबी गायक सिद्धू मुसेवाला पर अपने गीत ‘स्केप गॉट’ के माध्यम से पंजाब के लोगों को ‘गद्दार’ शब्द से संबोधित करने का आरोप लगाया है। मंगलवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान पत्रकारों को संबोधित करते हुए
प्रवक्ता मालविंदर सिंह कंग ने सिद्धू मुसेवाला पर पंजाबियों का अपमान करने का दोष लगाया। इस मामले पर कंग ने कांग्रेस हाईकमान सोनिया गांधी और पंजाब कांग्रेस प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग से उनका रुख स्पष्ट करने की मांग की है। इस दौरान प्रवक्ता नील गर्ग और विनीत वर्मा भी मौजूद थे।
मालविंदर सिंह ने कहा कि, ‘ ‘पंजाब विधानसभा चुनाव2022 में कांग्रेस पार्टी के टिकट पर मनसा से चुनाव लड़ने वाले प्रसिद्ध पंजाबी गायक सिद्धू मुसेवाला ने अपने गीत में 3 करोड़ पंजाबियों को “गद्दार शब्द” से संबोधित किया है जोकि कांग्रेस के पंजाब विरोधी रवैये, नीति और इतिहास का साक्षात प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि सिद्धू ने न केवल पंजाबी शूरवीरों को ‘गद्दार’ कहा, बल्कि अपने गीत में आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग कर 3 करोड़ पंजाबियों का अपमान भी किया है।’’ उन्होंने कहा कि हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में पंजाब की जनता ने कांग्रेस और उसके नेताओं को पूरी तरह नकार दिया है। हार से बौखलाए सिद्धू मूसेवाला ने अपने गीत के माध्यम से कांग्रेसी नेताओं की हमेशा से पंजाबियों के प्रति संकीर्ण मानसिकता और घटिया सोच को आगे बढ़ाया है।
कंग ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा पंजाब, पंजाबियत और पंजाब विरोधी नीतियां बनाई हैं। कांग्रेस के इतिहास में सिख कत्लेआम, पंजाब से उसकी राजधानी छीनने के दाग साफ दिखाई देते हें। कंग ने कांग्रेस हाईकमान सोनिया गांधी और पंजाब कांग्रेस प्रधान राजा वड़िंग से सिद्धू मुसेवाला के गीत पर अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हाईकमान अगर मुसेवाला के गीत से कोई वास्ता नहीं रखती तो तुरंत उन्हें पार्टी से बर्खास्त कर पंजाब के लोगों से सार्वजनिक माफी मांगे।

More Stories
नगर निगम जालंधर की बड़ी कार्रवाई: जोन नंबर 7 में बकाया वसूली और अवैध कनेक्शन काटे
जालंधर में सीएनजी को बढ़ावा देने की मुहिम तेज, ट्रांसपोर्टर्स से बदलाव की अपील
पंजाब सरकार ने वाछिंत अपराधियों और गैंगस्टरों पर शिकंजा कसने के लिए नई इनाम नीति को किया नोटीफाई ,एसएसपी, सीपी/ आईजीपी/ डीआईजी रेंजों और विंग प्रमुखों को 1 लाख से 2 लाख रुपए तक के इनामों के लिए मंज़ूरी के लिए अधिकारित किया गया