August 5, 2025

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

आम आदमी पार्टी का मुख्यमंत्री चेहरा होंगे भगवंत मान

Share news

जालंधर ब्रीज: आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद भगवंत मान 2022 विधानसभा चुनाव में आप का मुख्यमंत्री पद का चेहरा होंगे। यह घोषणा पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को यहां मीडिया को संबोधित करते हुए की। इस घोषणा के लिए यहां एक प्रभावशाली मीडिया कार्यक्रम आयोजित किया गया था। मंच पर अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान के अलावा नेता प्रतिपक्ष हरपाल सिंह चीमा, पार्टी के पंजाब मामलों के प्रभारी जरनैल सिंह, सह-प्रभारी राघव चड्ढा मौजूद थे। कार्यक्रम में भगवंत मान की मां हरपाल कौर और बहन मनप्रीत कौर भी उपस्थित थे।

भगवंत मान के नाम की घोषणा करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पार्टी ने मुख्यमंत्री के चेहरे के लिए पंजाब के लोगों की राय/सुझाव जानने के लिए 13 जनवरी को एक नंबर जारी किया था, जिस पर 21 लाख 59 हजार 437 लोगों ने अपनी राय दी। इसमें 93.3 फीसदी लोगों ने आम आदमी पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री पद के लिए भगवंत मान के नाम पर मुहर लगायी। लोगों से मिली राय के आधार पर पार्टी भगवंत मान को मुख्यमंत्री के तौर पर गर्व के साथ पेश कर रही है। केजरीवाल ने कहा, “मेरे छोटे भाई भगवंत मान पर हर पंजाबी को गर्व है।”

केजरीवाल ने कहा कि मैंने पहले ही मुख्यमंत्री के रेस से खुद को बाहर कर दिया था, लेकिन कुछ लोगों ने फिर भी मेरे नाम का सुझाव दिया। हमने उन सभी सुझावों को रिजेक्ट कर दिया जिसमें मेरा नाम था। उन्होंने कहा कि रिवाइती पार्टियां अक्सर अपने बेटे-बेटी, भाई-भतीजे और बहू को सत्ता सौंपती है। भगवंत मेरा छोटा भाई है, अगर मैं इसे सीधे मुख्यमंत्री चेहरा घोषित कर देता तो लोग कहते कि हमने अपने भाई को बना दिया। इसीलिए हमने सीएम चेहरा ढूंढ़ने के लिए एक नई लोकतांत्रिक परंपरा की शुरुआत की। भारत के इतिहास में पहली बार पंजाब के लोगों ने मुख्यमंत्री चेहरे का चुनाव किया। केजरीवाल ने यह भी बताया कि साढ़े तीन प्रतिशत लोगों ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू को चुना। 

भगवंत मान के नाम की घोषणा होते ही वहां मौजूद आप कार्यकर्ता और नेता खुशी से झूम उठे। ढ़ोल-नगारे बजाए जाने लगे। अपने नाम की घोषणा सुन मान भी भावुक हो गए। केजरीवाल ने भगवंत मान गले लगाया और प्यार व शुभकामनाएं दी। केजरीवाल भगवंत मान के लिए खास तैयारी करके आए थे। उन्होंने मान के जीवन से जुड़ी रोचक बातों की वीडियो चलवायी और उसके माध्यम से उनके के कुछ किस्से लोगों को बताए गए।

भगवंत मान ने भावुकता के साथ मीडिया को संबोधित किया। उनके चेहरे पर दृढ़ संकल्प की भावना स्पष्ट रुप से झलक रही थी। मान ने कहा कि पंजाब अपने पैरों पर खड़ा होना जानता है। कई बार पंजाब की स्थिति खराब हुई, लेकिन संघर्ष कर पंजाब बार-बार उपर उठा। पंजाब और पंजाबी हमेशा उपर उठने की ही सोचता है। उन्होंने कहा कि पार्टी को हमने हमेशा से एक ही बात कही है। चाहे हमें पोस्टर चिपकाने का काम दे दो, हम करेंगे, बशर्ते कि हमारा पंजाब ठीक कर दो। 

मान ने कहा कि आज मेरे और आम आदमी पार्टी के लिए ऐतिहासिक दिन है। आज से हमारी जिम्मेदारी दोगुनी हो गई है। लेकिन हमे आज खुशी नहीं मनानी है। हम तब तक खुशी नहीं मनाएंगे, जब तक पजाब खुशहाल नहीं बनेगा। पंजाबियों के जीवन को खुशहाल बनाना ही हमारा लक्ष्य है। हम पंजाब की खुशहाली लौटायेंगे। पंजाब के नौजवानों को नशे के चंगुल से निकालेंगे और मजबूर होकर विदेश जाने वाले युवाओं को पंजाब में ही अच्छे रोजगार और उच्च शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराएंगे। 

डॉ एपीजे अब्दुल कलाम के मशहूर बयान(सपने वे नहीं जो सोने के बाद आती हो, सपने वे हैं जो हमें सोने नहीं देती) का उल्लेख करते हुए मान ने कहा कि पंजाब के सपने हमें सोने नहीं देती। पंजाब के नौजवानों को रोजगार देने के सपने, पंजाब की किसानी और किसानों को समृद्ध बनाने के सपने, नौजवानों के हाथ से टीका छीनकर टिफिन पकड़ाने के सपने और अपनी माताओं-बहनों को शसक्त और आत्मनिर्भर बनाने के सपने हमें सोने नहीं देती। हमें पजाब को देश का मुकुट बनाना है और पंजाब को फिर से खुशहाल संपन्न और संमृद्ध बनाएंगे।

मान ने कहा कि हम पंजाब की खुशहाली और रौनक लौटाने के लिए ही राजनीति में आए हैं। जब भी पंजाब के लिए कुछ करने और बोलने का मौका मिला हमने पूरी लगन और मेहनत साथ किया। सड़क से लेकर संसद तक आवाज उठायी। पंजाब के लोगों ने मेरी कॉमेडी और राजनिति दोनों को बहुत प्यार दिया है। मान ने यकीन दिलाया कि मुख्यमंत्री बनने पर हम मुख्यमंत्री के हस्ताक्षर वाले हरे रंग की कलम का इस्तेमाल पंजाब के गरीब, वंचित और आमलोगों का जीवन स्तर ऊंचा उठाने एवं उनके हक और अधिकार दिलाने के लिए करेंगे।     


Share news

You may have missed