September 28, 2026

Jalandhar Breeze

Hindi Newspaper

कैप्टन अमरिंदर को भाजपा-पंजाब लोक कांग्रेस-शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) की जीत का भरोसा

Share news

पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भरोसा व्यक्त किया है कि पंजाब लोक कांग्रेस सहित तीनों पार्टियां भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल संयुक्त आगामी विधानसभा चुनाव में शानदार बहुमत हासिल करके पंजाब में अगली सरकार बनाएंगे।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, भाजपा पंजाब इंचार्ज गजेंद्र सिंह शेखावत और शिरोमणि अकाली दल संयुक्त के प्रमुख सुखदेव सिंह ढींढसा के साथ नई दिल्ली में बैठक के बाद कैप्टन अमरिंदर ने एक बयान जारी करके कहा कि वे देश की सुरक्षा और पंजाब के कल्याण व तरक्की के लिए एक साथ आकर खुश हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि वह खुश है कि तीनों पार्टियां पंजाब को एक बार फिर से खुशहाली के मार्ग पर लाने के लिए इकट्ठे चुनाव लड़ने पर राजी हो गई हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और पंजाब में भाजपा की सरकारों के साथ डबल इंजन के जरिए पंजाब एक बार फिर से तरक्की और विकास के मार्ग पर लौटेगा। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी वर्गों की जरुरतों के मद्देनजर मेनिफेस्टो तैयार किया जा रहा है।

कैप्टन अमरिंदर ने स्पष्ट किया कि तीनों पार्टियों के मध्य सीटों संबंधित तालमेल जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने एक बार फिर से दोहराया कि उम्मीदवारों का चयन उनकी जीतने की काबिलियत के आधार पर होगा, ना कि वह किस पार्टी से चुनाव लड़ते हैं। उन्होंने खुलासा किया कि पार्टी से नामांकन हासिल करने के लिए उन्हें राज्य भर से भारी समर्थन व उत्साह मिल रहा है। उन्हें भरोसा है कि पंजाब में नई सियासत की शुरुआत होगी। हम शानदार चुनावी जीत का रिकॉर्ड कायम करेंगे। इस दौरान उन्होंने युवाओं और किसानों के सहित पंजाब के सभी वर्गों के प्रति वचनबद्धता को दोहराते हुए कहा कि उनके हितों की किसी भी कीमत पर रक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा कि कृषि पंजाब की तरक्की का एक अभिन्न अंग है और इस क्षेत्र पर अधिक जोर दिया जाएगा। पंजाब में रोजगार पैदा करने के लिए नए स्रोत स्थापित किए जाएंगे, ताकि युवाओं को विदेशों का रुख ना करना पड़े।


Share news

You may have missed