जालंधर ब्रीज: प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिद्धू द्वारा आर्थिक रूप से पिछड़े लोगों को शहरी और ग्रामीण गरीबों के रूप में विभाजित करने पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस की बांटों और राज करो की मानसिकता के तहत नवजोत सिद्धू शहरी और ग्रामीण नौजवानों को राजगार देने में भी विभाजनकारी नीति अपना रहे हैं। शर्मा ने कहा कि समाज के उन तबकों पर राजनीति करना अनैतिक है, जो गरीबी से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि रोजगार पर शहरी और ग्रामीण दोनों का हक है। शर्मा ने कहा कि भाजपा सत्ता में आने पर सभी को रोजगार के बराबर अवसर प्रदान करेगी।
अश्वनी शर्मा ने नवजोत सिंह सिद्धू के हालिया बयान पर बोलते हुए कि शहरी गरीबों को रोजगार का अधिकार दिये जाने पर कहा कि ग्रामीण या शहरी क्षेत्र में रहने वाले हर वंचित पंजाबी नौजवान को नौकरियों के समान अवसर और सभ्य जीवन प्राप्त करने का अधिकार व आवश्यकता है। सिद्धू लोगों को गुमराह न करें और ना ही बांटें। भाजपा कभी भी बंटवारे की राजनीति नहीं करती और ना ही करेगी।
अश्वनी शर्मा ने कहा कि आज पंजाब भारी आर्थिक संकट का सामना कर रहा है और हमारे बच्चों की अगली पीढ़ी को रोजगार और आजीविका के लिए पंजाब में कोई भविष्य नजर नहीं आ रहा है। इसलिए वो कनाडा, अमेरिका, यूरोप व अन्य देशों की ओर पलायन कर रहे हैं। कोई भी राजनीतिक दल पंजाब के नौजवानों की प्रतिभा और कार्यबल के प्रवास पर गंभीरता से विचार नहीं कर रहा है। चुनाव आते ही सभी राजनीतिक दल जनता के लाभ के लिए नए-नए प्रस्तावों और कार्यक्रमों की सूची लेकर आ जाते हैं, लेकिन सत्ता में आने के बाद अपने वादे भुला देते हैं और सरकारी खजाने का खून चूसना शुरू कर देते हैं।
अश्वनी शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार प्रथम सर्वोपरि कर्तव्य है प्रदेश की जनता को अच्छे स्कूल, किफायती सिविल अस्पताल और प्रत्येक नागरिक के लिए समान अवसर वाली पारदर्शी सरकार प्रदान करना। शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जनता से कोई झूठे वादे नहीं करेगी और ना ही नफरत और विभाजन का प्रचार करेगी। भाजपा द्वारा राज्य को आर्थिक संकट से उबारने का विस्तृत रोडमैप जनता के सामने पेश किया जाएगा और सत्ता में आने पर उसे लागू किया जाएगा।

More Stories
नगर निगम जालंधर की बड़ी कार्रवाई: जोन नंबर 7 में बकाया वसूली और अवैध कनेक्शन काटे
जालंधर में सीएनजी को बढ़ावा देने की मुहिम तेज, ट्रांसपोर्टर्स से बदलाव की अपील
पंजाब सरकार ने वाछिंत अपराधियों और गैंगस्टरों पर शिकंजा कसने के लिए नई इनाम नीति को किया नोटीफाई ,एसएसपी, सीपी/ आईजीपी/ डीआईजी रेंजों और विंग प्रमुखों को 1 लाख से 2 लाख रुपए तक के इनामों के लिए मंज़ूरी के लिए अधिकारित किया गया