प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वीडियो संदेश के माध्यम से नव-नियुक्त उम्मीदवारों को संबोधित किया गया
देश की प्रगति में युवा वर्ग की विशेष भूमिका – डॉ. अतुल फुलज़ेले
जालंधर ब्रीज: युवा शक्ति के साथ विकसित भारत के संकल्प को प्रोत्साहन देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो संदेश के माध्यम से देश के विभिन्न 45 स्थानों पर रोजगार मेलों को संबोधित किया और नव-नियुक्त युवाओं को 61,000 से अधिक नियुक्ति-पत्र वितरित किए गए। इस 18वें रोजगार मेले के तहत मुख्यालय पंजाब फ्रंटियर, बीएसएफ, जालंधर कैंट में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस विशेष समारोह में मुख्यालय पंजाब फ्रंटियर, बीएसएफ के इंस्पेक्टर जनरल (आई.जी.) डॉ. अतुल फुलज़ेले, डीआईजी (जी) कंवलजीत सिंह, डीआईजी (पीएसओ) सी.एच. सेतुराम तथा बीएसएफ के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा नव-नियुक्तों को नियुक्ति-पत्र प्रदान किए गए। इस दौरान 651 युवाओं को नियुक्ति-पत्र प्रदान किए गए।

अपने संबोधन में डॉ. अतुल फुलज़ेले ने नव-नियुक्तों को बधाई देते हुए कहा कि देश की प्रगति में युवा वर्ग की विशेष भूमिका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में वर्ष 2022 में शुरू किए गए रोजगार मेलों के माध्यम से अब तक देश भर के लाखों युवाओं को रोजगार मिला है, जिससे देश की प्रगति की गति और तेज हुई है। डॉ. अतुल फुलज़ेले ने कहा कि देश की निरंतर हो रही प्रगति के साथ-साथ रोजगार के भी असीम अवसर पैदा हो रहे हैं, जो देश के युवाओं के सुनहरे भविष्य की ओर संकेत करते हैं।

डॉ. फुलज़ेले ने कहा कि भारत सरकार ने रोजगार के कई रास्ते खोले हैं, जिनके बारे में युवाओं को अधिक से अधिक जागरूक होने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आज कौशल-आधारित रोजगार की मांग निरंतर बढ़ रही है, इसलिए युवाओं को अपने कौशल पहचानने और उन्हें निखारने की दिशा में मेहनत करनी चाहिए। डॉ. फुलज़ेले ने युवाओं को और अधिक उपलब्धियों के लिए कठोर परिश्रम करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि रोजगार प्राप्ति के बाद भी युवाओं को अपने ज्ञान में वृद्धि करने के प्रयास करते रहने चाहिए, ताकि वे और आगे बढ़ सकें।

More Stories
फुट्टी स्किल फुटबॉल अकैडमी द्वारा पहला फुटबॉल टूर्नामेंट सफलतापूर्वक संपन्न
आयकर विभाग द्वारा नए आयकर अधिनियम और टीडीएस/टीसीएस प्रावधानों पर सेमिनार का आयोजन
मेहरचंद पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. जगरूप सिंह ने 17 साल पूरे किए